*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लुधियाना, पंजाब में आयोजित पत्रकार वार्ता
सरकार की ओर से हमारे मध्य प्रदेश के साथ-साथ पंजाब में जो उद्यमशील उद्योगपति हैं, उनसे यह आग्रह है कि वे मध्य प्रदेश में भी काम करें। इसी उद्देश्य से आज मध्य प्रदेश सरकार की ओर से लुधियाना में एक रोड शो का आयोजन किया गया। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि लुधियाना भारत का मैनचेस्टर कहलाता है। व्यापार, उद्योग, और विभिन्न प्रकार की इंडस्ट्रीज़ का यह एक प्रमुख केंद्र है। ऐसे औद्योगिक नगर में आकर हमारी राज्य की औद्योगिक नीतियों को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 400 से अधिक डेलीगेट्स ने भाग लिया।
टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, इंजीनियरिंग, साइकिल, ऑटो पार्ट्स, फास्टनर्स, मशीन टूल्स, स्पोर्ट्स उपकरण आदि क्षेत्रों के निवेशकों से विस्तृत चर्चा की गई। राज्य सरकार की 18 से अधिक नीतियों की जानकारी दी गई, जिससे यह बताया गया कि इन व्यवसायों को कैसे बढ़ावा दिया जा सकता है। मुझे प्रसन्नता है कि हमारी नीतियां इतनी आकर्षक हैं कि अधिकांश निवेशकों ने मध्य प्रदेश में निवेश में रुचि दिखाई है।
कई बड़े उद्यमी जो पहले से हमारे राज्य में कार्यरत हैं, उन्होंने भी इस आयोजन में भाग लिया। जैसे कि माननीय राजेंद्र गुप्ता जी, जो ट्राइडेंट ग्रुप के माध्यम से पंजाब और मध्य प्रदेश दोनों में सक्रिय हैं। एम. पी. ओसवाल जी, वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन, जो मध्य प्रदेश में भी कार्यरत हैं। संजीव कालरा जी, संजीव पाहवा जी, दिनेश ओसवाल जी, नाहर ग्रुप, एमडी सुभाष चंद्र, राधन ग्रुप आदि कई प्रतिष्ठित उद्यमियों ने मंच साझा किया।
कार्यक्रम में जीतो, एआईपीसी, एफआईसीओ, सीआईसीयू, एफआईओ जैसी विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश में निवेश का आश्वासन दिया। संवाद सत्र में 15 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों ने वन-टू-वन बैठक की और निवेश के प्रस्ताव दिए। मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश सरकार बिजली, पानी, सड़क और रोजगार को बढ़ावा देने वाली नीतियों के साथ हर प्रकार का सहयोग देगी। प्रति श्रमिक ₹5000 का इंसेंटिव हम राज्य सरकार की ओर से 10 वर्षों तक देने के लिए तैयार हैं।
माननीय राजेंद्र गुप्ता जी ने एक बड़ा निवेश करने की घोषणा की। उन्होंने उज्जैन में ओपन यूनिवर्सिटी स्थापित करने की बात भी रखी, जिससे हमारे प्राचीन इतिहास को जोड़ते हुए शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। लुधियाना प्रवास के दौरान मैंने वर्धमान इंडस्ट्री, दीपक फास्टनर्स, ट्राइडेंट ग्रुप आदि प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, श्रमिक प्रशिक्षण और निर्यात क्षमताओं का अवलोकन किया।
आज, ट्राइडेंट ग्रुप ने रोड शो के दौरान 6,000 श्रमिकों को रोजगार देने और ₹5,000 करोड़ के निवेश की घोषणा की। रासन टायर्स लिमिटेड के चेयरमैन श्री राजीव पाहवा जी ने 2,000 करोड़ के निवेश से 2,000 लोगों को रोजगार देने की बात कही। वर्धमान इंडस्ट्री के श्री एस. पी. ओसवाल जी ने पीएम मित्र पार्क धार में ₹1,581 करोड़ के निवेश की घोषणा की। एबी को स्पिन इंडस्ट्री के दीपक गर्ग जी ने ₹1,300 करोड़, नाहर ग्रुप ने ₹1,100 करोड़, दीपक फास्टनर्स के संजीव कालरा जी ने ₹1,100 करोड़, मिसेज बेक्टस फूड स्पेशलिस्ट ने श्री अनूप डक्टर के नेतृत्व में पीथमपुर में ₹700 करोड़, हाईलैंड एथनाल के अमित मोदी जी ने नरसिंहपुर में ₹600 करोड़, भगवती लैक्टो वेजिटेरियन के श्री सुशील मित्तल जी ने मोहासा भवई में ₹500 करोड़, एग्री वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने ₹600 करोड़, बान ग्रुप ने ₹200 करोड़, मेथ्या ग्रीन टेक ने ₹100 करोड़, टीके स्टील ने ₹200 करोड़, केजी एक्सपोर्ट के हरीश दुआ जी ने ₹400 करोड़, और महालक्ष्मी प्रोसेसिंग ने ₹125 करोड़ के निवेश की घोषणा की।
इस प्रकार, कुल ₹15,606 करोड़ के निवेश की घोषणाएं हुईं, जिससे 20,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। मैं मानता हूँ कि रोजगार और उद्योगों के मामले में पंजाब और मध्य प्रदेश एक जैसे भाई-बहन हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत में विकास का अनुकूल वातावरण बना है और विश्व भी भारत पर विश्वास करता है।
मध्य प्रदेश में पर्याप्त पानी, सरप्लस बिजली, और एक लाख एकड़ से अधिक का भूमि बैंक है। राज्य में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का नेटवर्क है और एयर कार्गो सहित भविष्य की कनेक्टिविटी की पर्याप्त संभावनाएं हैं। भौगोलिक रूप से देश के मध्य में स्थित होने के कारण माल का आवागमन देशभर और विदेशों में आसानी से हो सकता है।
हमारी नीतियां सरल हैं, अधिकारीगण दक्षता से काम करते हैं, और विभिन्न प्रकार की अनुमतियां शीघ्रता से मिलती हैं। हमारी राज्य सरकार की नीतियों के चलते ही हम पिछले डेढ़ वर्ष में लगभग ₹31 लाख करोड़ का निवेश ला चुके हैं।
आइए, हम सब मिलकर पंजाब और मध्य प्रदेश के रिश्तों को और सशक्त बनाएं। पंजाब के उद्योगपति मध्य प्रदेश में भी उद्योग स्थापित करें। यहां की नीतियां, संसाधन और माहौल आपके लिए अनुकूल हैं।
1005 views





