कर्ज वितरण की रफ्तार घटी, सिर्फ 4.9% पर अटका ग्रोथ : आरबीआई*
बैंकों की कर्ज वृद्धि 30 मई को समाप्त पखवाड़े में धीमी पड़कर 4.9 फीसदी रह गई। एक साल पहले की समान अवधि में बैंकों ने 8.9 फीसदी की दर से कर्ज वांटे थे। आरबीआई ने 41 चुनिंदा अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों (एससीबी) से प्राप्त सूचना के आधार पर मई, 2025 के लिए बैंक कर्ज के आंकड़े जारी किए हैं। यह कर्ज सभी वाणिज्यिक बैंकों की ओर से दिए गए कुल गैर-खाद्य ऋण का लगभग 95 फीसदी है। 30 मई को समाप्त पखवाड़े तक गैर-खाद्य बैंक ऋण में 9.8 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले इसमें 16.2 फीसदी की वृद्धि हुई थी। उद्योग को दिए गए कर्ज की रफ्तार 8.9 फीसदी की तुलना में 4.9 फीसदी रही। आरबीआई ने कहा, सेवा क्षेत्र के लिए ऋण में मामूली 9.4 फीसदी की वृद्धि हुई है। व्यक्तिगत ऋण श्रेणी के कर्ज में 13.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। एक साल पहले की समान अवधि में यह वृद्धि 19.3 फीसदी थी।






