राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हुई सम्पन्न, लगे जय श्रीराम के नारे*
रामनगरी के इतिहास में गुरुवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में राम मंदिर के प्रथम तल पर राजा राम समेत आठ देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हवन की सुगंध से आध्यात्मिक वातावरण में डूबा रहा। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन किया, फिर रामलला के दरबार पहुंचकर आरती में भाग लिया। इसके बाद राम दरबार की मूर्ति से आवरण हटाकर उनका भव्य श्रृंगार किया गया। इस पावन अनुष्ठान में 19 प्रमुख संत, ट्रस्ट, संघ व विहिप के पदाधिकारी भी शामिल हुए। प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान सुबह 11:25 से 11:40 के बीच अभिजीत मुहूर्त में हुआ। पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंज उठे। मुख्यमंत्री योगी ने इसे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की नूतन अभिव्यक्ति बताया और इस ऐतिहासिक अवसर को पर्यावरण जागरूकता से भी जोड़ा। इस आयोजन में अन्नाधिवास, हवन, अभिषेक, उत्सव विग्रहों की परिक्रमा सहित सभी विधियां पूरी भव्यता से संपन्न की गईं।






