*महापौर ने किया 3 करोड़ 42 लाख की लागत से 11 जेसीबी वाहनों का लोकार्पण* 
*निगम के कार्य करने की दक्षता को बढ़ाएंगे वाहन- महापौर*
इंदौर दिनांक 28 मार्च 2025। नगर निगम इंदौर द्वारा शहर में स्वच्छता एवं विकास कार्यों को और अधिक गति देने हेतु महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव जी के नेतृत्व में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर निगम प्रांगण में ₹3 करोड़ 42 लाख की लागत से 11 जेसीबी वाहनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य श्री राजेंद्र राठौड़, श्री नंदकिशोर पहाड़िया, श्री निरंजन सिंह चौहान, श्री अश्विनी शुक्ल, अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, श्री मनोज पाठक, वर्कशॉप प्रभारी श्री मनीष पांडे एवं अन्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर महापौर श्री भार्गव ने कहा कि ये जेसीबी वाहन शहर में सफाई व्यवस्था, सड़कों के रखरखाव, नालों की सफाई एवं अन्य विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नगर निगम द्वारा लगातार स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक उपकरणों की संख्या बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्कशॉप में आए नए वाहनों के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों एवं उद्यानों में कार्यों को गति मिलेगी, इन वाहनों के आने से शहर के प्रत्येक झोन में 2-2 जेसीबी और डंपर उपलब्ध रहेंगे जो निगम के कार्यों को गति प्रदान करेंगे जिससे नगर निगम के कार्यों की दक्षता बढ़ेगी। महापौर श्री भार्गव ने वर्कशॉप की अधिकारियों को किए गए कार्यों के लिए बधाई दी।
1943 views





