राहुल गांधी ने मजदूरों और एलआईसी एजेंटों की समस्याएं सुनी, अधिकारों की रक्षा का वादा*
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को निर्माण मजदूर संगठनों और एलआईसी एजेंटों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। दिल्ली के रामलीला मैदान में 12,000 से अधिक एलआईसी एजेंटों ने सरकार के बीमा संबंधी बदलावों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद कुछ यूनियन प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं साझा कीं, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर नाराजगी जताई। राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय मजदूर देश के विकास की रीढ़ हैं, लेकिन वे कम आमदनी, आर्थिक असुरक्षा और कमजोर सामाजिक सुरक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समृद्धि के लिए संघर्ष जारी रखने का वादा किया।






