महाराष्ट्र में महायुति की जीत के बाद सेंसेक्स फिर 80 हजार पार; निफ्टी 24200 के पार*
घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को एक प्रतिशत से अधिक चढ़े। ब्लू-चिप शेयरों में तेजी और महाराष्ट्र में भाजपानीत गठबंधन महायुति के शानदार प्रदर्शन से बाजार को मदद मिली। भाजपा के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को भारी जीत मिली है। बीएसई का सेंसेक्स पिछले दिन की तेजी को जारी रखते हुए 992.74 अंक उछलकर 80,109.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,355.97 अंक बढ़कर 80,473.08 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 314.65 अंक बढ़कर 24,221.90 अंक पर पहुंच गया। बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सोमवार को छह लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़कर 439.86 लाख करोड़ रुपये हो गया। l इस दौरान, डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे बढ़कर 84.30 (अनंतिम) पर बंद हुआ।






