अमेरिका की सफल यात्रा पूरी कर स्वदेश रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की अपनी ‘सफल और महत्वपूर्ण’ तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद स्वदेश रवाना हो गए। अमेरिका दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने क्वाड नेताओं की बैठक में भाग लिया। साथ ही प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के आखिरी दिन संयुक्त राष्ट्र महासभा में भविष्य के शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान रविवार को अपने जापानी और ऑस्ट्रेलियाई समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की ‘शांति, स्थिरता और समृद्धि’ के लिए द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की सफल और महत्वपूर्ण यात्रा पूरी करने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।’ पीएम मोदी शुक्रवार को अमेरिका पहुंचे और पहले दिन उन्होंने विलमिंगटन, डेलावेयर में क्वाड नेताओं की बैठक में भाग लिया। राष्ट्रपति जो बाइडन की मेजबानी में, क्वाड लीडर्स समिट शनिवार को उनके गृहनगर विलमिंगटन, डेलावेयर में हुई। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा भी शामिल हुए।






