अमित शाह के ‘भ्रष्टाचार का सरगना’ वाले बयान पर भड़के शरद पवार, बोले- ‘आपको तो गुजरात से भगा दिया गया था’*
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को विपक्षी नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार को ‘भ्रष्टाचार का सरगना’ बताया। इस विवादित बयान के बाद से महाराष्ट्र का सियासी पारा बढ़ता ही जा रहा है। अब शरद पवार ने इस बयान पर पलटवार किया और अमित शाह को वर्ष 2010 के सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश की याद दिला दी। दरअसल, 2010 में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य अमित शाह को सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ मामले में दो साल के लिए अपने गृह राज्य से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि, 2014 में वह बरी हो गए थे। NCP चीफ शरद पवार ने कहा, ‘कुछ दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने मुझ पर हमला किया और मुझे कुछ बातें कहीं। उन्होंने मुझे ‘देश के सभी भ्रष्ट लोगों का कमांडर’ कहा। अजीब बात है कि गृह मंत्री एक ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने गुजरात के कानून का दुरुपयोग किया और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गुजरात से निर्वासित कर दिया।’






