राहुल गांधी ने कहा, रायबरेली अमेठी से भावनात्मक रिश्ता*
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि उनका रायबरेली और अमेठी के लोगों के साथ एक भावनात्मक पारिवारिक रिश्ता है और जब भी आवश्यकता होगी, वे दोनों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर अपनी मां के साथ एक भावनात्मक वीडियो साझा किया। इसमें वह अमेठी और रायबरेली में पारिवारिक तस्वीरें देखते नजर आ रहे हैं और उन्होंने अमेठी और रायबरेली दोनों के लोगों साथ अपने जुड़ाव को याद किया। राहुल गांधी इस बार अमेठी की बजाय रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह से है, जिन्होंने पिछला लोकसभा चुनाव सोनिया गांधी के खिलाफ लड़ा था और हार गए थे। राहुल गांधी पहले अमेठी से सांसद थे लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी से हार गए थे। राहुल ने एक्स पर पोस्ट में कहा- ‘रायबरेली और अमेठी हमारे लिए सिर्फ निर्वाचन क्षेत्र नहीं हैं, बल्कि वे हमारी कर्मभूमि हैं, इनका हर कोना पीढ़ियों की यादें संजोए हुए है। अपनी मां के साथ पुरानी तस्वीरें देखकर मुझे अपने पिता और दादी की भी याद आती है, जिन्होंने सेवा की इस परंपरा को शुरू किया और मैंने और मेरी मां ने इसे आगे बढ़ाया।” उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए यह भी कहा-‘प्यार और विश्वास की नींव पर बने 100 साल से भी ज्यादा पुराने इस रिश्ते ने हमें सब कुछ दिया है। जब भी अमेठी और रायबरेली हमें बुलाएंगे, हम वहां मौजूद रहेंगे।






