भावनाओं से स्मृति ने किया खिलवाड़ : प्रियंका*
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के समर्थन में वोट मांगे। उन्होंने भाजपा सरकार व सांसद स्मृति इरानी पर जमकर हमला बोला। कहा, अमेठी से गांधी परिवार का वर्षों पुराना पारिवारिक रिश्ता है, जबकि भाजपा ने राजनीतिक संबंध बनाए हैं। मौजूदा सांसद सिर्फ नाम की सांसद हैं। पिछले पांच वर्षों में झूठी व नकारात्मक राजनीति की है। अमेठीवासियों की भावनाओं से सिर्फ खिलवाड़ किया है। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को रोजगार एवं 15 लाख दिलाने का झूठा स्वप्न दिखाया था। आज लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचारियों से जांच के नाम पर चंदा लिया। कहा पिछले चुनाव में स्मृति इरानी ने अमेठी के लोगों को 13 रुपये किलो चीनी देने का वादा किया था। स्मृति का झूठा चुनावी वादा पूरा नहीं हुआ, बल्कि भाजपा और स्मृति इरानी ने राजीव गांधी व राहुल गांधी के समय चालू की गई योजनाओं को बंद कराने का काम किया है। नुक्कड़ सभा में कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा ने कहा कि 40 वर्षों से गांधी परिवार एवं अपनों के बीच हूं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से लेकर सोनिया गांधी व राहुल गांधी के साथ कार्य किया है। अबकी बार मुझे जिताकर सेवा का अवसर दो।






