भाजपा की सरकार आई तो बदल देगी संविधान : अखिलेश

भाजपा की सरकार आई तो बदल देगी संविधान : अखिलेश*
भाजपा की अगर सरकार आ गई तो डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान बदल दिया जाएगा। यह बात मंगलवार को सैफई स्थित आवास पर पहुंचे अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज ही किसी चैनल पर खबर चल रही थी कि कोई बेटी किसी कार्यक्रम में शामिल थी। वहां उसे हार्ट अटैक पड़ा और जान चली गई। इन भाजपा वालों ने इस तरीके की वैक्सीन सब लोगों को लगवा दी है। मैं कोई सवाल खड़े नहीं कर रहा हूं, लेकिन भारत की वैक्सीन को जिसने अप्रूवल दिया। उन्होंने उस वैक्सीन को नहीं लगवाया। जब अप्रूवल देने वालों ने वैक्सीन नहीं लगवाई तो आम जनता की वैक्सीन क्यों लगवा दी। तीसरे चरण के चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव जनता लड़ रही है। जब जनता चुनाव लड़ती है तो लोकतंत्र में बड़ा परिवर्तन दिखाई देता है। भाजपा की साजिश को लोग समझ गए हैं। बहुजन समाज के लोग इसे विशेष रूप से समझ गए हैं। कहा कि पक्का हो गया है कि भाजपा की अगर सरकार आ गई तो भीमराव आंबेडकर का संविधान बदल देंगे। संविधान अगर बदल गया तो न हमें हक मिलेगा, न हमें अधिकार मिलेंगे। न हमारा मान सम्मान होगा। इसलिए चुनाव जनता लड़ रही है।

1809 views