भाजपा के घोषणापत्र से महंगाई और बेरोजगारी गायब : राहुल

भाजपा के घोषणापत्र से महंगाई और बेरोजगारी गायब : राहुल*
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी भाजपा के घोषणापत्र को बयानबाजी से भरा जुमला पत्र करार दिया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर नौकरियां देने, किसानों की आय दोगुनी करने और मंहगाई से निपटने के वादे को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि वह अब 2047 के बारे में बात करके मुद्दा ही बदल दे रहे हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र और पीएम मोदी के भाषण से महंगाई और बेरोजगारी गायब है। लोगों के जीवन से जुड़े सबसे अहम मुद्दों पर भाजपा चर्चा तक करना नहीं चाहती। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, आइएनडीआइए की योजना बिल्कुल स्पष्ट है-30 लाख पदों पर भर्ती और हर शिक्षित युवा को एक लाख की पक्की नौकरी। युवा इस बार मोदी के झांसे में नहीं आने वाले। अब वे कांग्रेस का हाथ मजबूत कर देश में रोजगार क्रांति लाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी की गारंटी ‘जुमलों की वारंटी’ है, क्योंकि वह पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने मैं नाकाम रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया-पुरानी गारंटियों के लिए कोई जवाबदेही नहीं, कोरी बयानबाजी! खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान कोई ऐसा बड़ा काम नहीं किया, जिससे देश की जनता को फायदा हो। युवा नौकरी मांग रहे हैं। महंगाई के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन भाजपा के घोषणापत्र में इस पर कोई बात नहीं की गई है

1675 views