पीएम मोदी के दौरे से पहले अलर्ट पर अयोध्या, एनएसजी, एटीएस, एसटीएफ कमांडो तैनात*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 30 दिसंबर को अयोध्या का दौरा करने से पहले केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। बीते दिनों संसद में हुई घटना के बाद पीएम के दौरे को लेकर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गये हैं। इसके लिए एनएसजी, एटीएस और एसटीएफ के कमांडो कार्यक्रम स्थलों पर तैनात किये जा रहे हैं। वहीं सरयू नदी से भी पूरी नजर रखने की तैयारी है। स्पेशल डीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गये हैं। डीजीपी मुख्यालय द्वारा 3 डीआईजी, 17 एसपी, 40 एडिशनल एसपी, 82 डिप्टी एसपी, 90 निरीक्षक, 325 उप निरीक्षक, 33 महिला उपनिरीक्षक, 2000 सिपाही, 450 यातायात पुलिसकर्मी, 14 कंपनी पीएसी और 6 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल अयोध्या में तैनात किए गये हैं।






