*उज्जैन: महाँकाल के दरबार में धांधली, भस्मारती के लिए नियम विरुद्ध दे दी इजाज़त*
उज्जैन के महाकाल मंदिर में भस्मारती अनुमति में धांधली पकड़ी गयी है.यहां नियमों को ताक में रखकर 1 ही दिन में 4 लोगों को 193 अनुमति जारी कर दी गयीं. इसमें नवनियुक्त मंदिर समिति सदस्य कांग्रेस नेता दीपक मित्तल के परिचितों को 71 और जिला प्रोटोकॉल के नाम पर कर्मचारी अभिषेक भार्गव के नाम पर 76 लोगों की अनुमति जारी की गई. मामले में कलेक्टर ने जांच के आदेश दे दिए हैं.
बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालुओं को भस्म आरती की एक या दो अनुमति मिलने में पूरे दिन लाइन में लगना पड़ता है.कई बार तो पूरा दिन खड़े रहने के बावजूद अनुमति नहीं मिल पाती. लेकिन महाकाल के दरबार में भी धांधली करने से लोग नहीं चूके. पता चला कि मंदिर में एक ही नाम से 71 लोगों को परमिशन जारी कर दी गई. मामला जैसे ही पकड़ में आया मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया. तुरंत उज्जैन कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए. जांच की तो और खुलासा हुआ. केवल 4 लोगों की सिफारिश पर एक ही दिन में 193 अनुमति जारी कर दी गयीं. अनुमति दिलाने वालों में महाकाल मंदिर प्रबंध समिति सदस्य और एक सेवक भी शामिल है.
महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती के लिए प्रोटोकॉल के तहत वीआईपी अनुमति जारी की जाती है. मंदिर की ओर से रविवार की भस्म आरती के लिए चार व्यक्तियों के नाम पर वीआईपी कोटे से 193 परमिशन जारी की गईं.रविवार की भस्मआरती के लिए महाकाल मंदिर समिति के नवनियुक्त सदस्य दीपक मित्तल के नाम पर एक साथ 71 वीआईपी प्रोटोकॉल की अनुमति जारी हुई. एक सेवक के नाम पर कार्तिक मंडप के लिए 76 अनुमति और नंदी हॉल के लिए 76 अनुमति जारी की गयीं.






