मुकेश अंबानी दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में शामिल*

*मुकेश अंबानी दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में शामिल*

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के 10 सबसे बड़े अमीरों की सूची में शामिल हो गए हैं. उनके पास 54 अरब डॉलर (3.83 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति है. द हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2019 में सबसे ऊपर लगातार दूसरे साल ऐमजॉन चीफ जेफ बेजॉस हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी ने बड़े अंबानी को 3.83 लाख करोड़ रुपये नेटवर्थ के साथ 10वें स्थान पर पहुंचा दिया है. आपको बता दें कि अंबानी की रिलायंस में करीब 52 फीसदी हिस्सेदारी है.
मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे सबसे अमीर भारतीय हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन एसपी हिंदुजा (21 अरब डॉलर) हैं, जबकि तीसरे नंबर पर विप्रो चेयरमैन अजीम प्रेमजी (17 अरब डॉलर) हैं. पूनावाला समूह के चेयरमैन साइरस एस पूनावाला 13 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारतीयों में चौथे स्थान पर रहे हैं. इतना ही नहीं उन्होंने दुनिया के सबसे धनी लोगों की सूची में 100 में जगह बना ली है.

आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी निवास मित्तल सबसे अमीर भारतीयों की सूची में पांचवें पायदान पर हैं. इसके बाद कोटक महिंद्रा के उदय कोटक (11 अरब डॉलर), गौतम अडाणी (9.9 अरब डॉलर) और सन फार्मा के दिलीप सांघवी (9.5 अरब डॉलर) का स्थान आता है.

साइरस पलोनजी मिस्त्री और शापूरजी पलोनजी मिस्त्री इस सूची में क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर हैं. देश के सबसे बड़े टाटा समूह में 18.4 प्रतिशत की हिस्सेदारी के दम पर वे इस सूची में जगह बना पाए हैं. सूची के मुताबिक गोदरेज परिवार की तीसरी पीढ़ी की उत्तराधिकारी स्मिता कृष्णा महिला अरबपतियों की सूची में पहले स्थान पर हैं. वहीं बायोकॉन की किरण मजूमदार शॉ साढ़े तीन अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अपने दम पर मुकाम हासिल करने वाली सबसे अमीर महिला उद्यमी हैं.

1903 views