जन्माष्टमी पर मिला सहयोग का अनमोल उपहार

जन्माष्टमी पर मिला सहयोग का अनमोल उपहार

जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने MBDD एवं नेत्रदान अभियान में सहयोग का दिया आश्वासन

चेंबूर: जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर कुर्ला ईस्ट में आयोजित दही-हांडी कार्यक्रम में बृहन्मुंबई महानगरपालिका वार्ड क्रमांक 149 के नगरसेवक श्री सुशाम गोपाल सावंत का पदार्पण हुआ। इस अवसर पर उनकी भेंट तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर के मंत्री श्री कपिलजी मेहता एवं मीडिया प्रभारी श्री निलेश राठौड़ से हुई।

मीडिया के माध्यम से कुछ ही दिनों पूर्व उन्हें जानकारी मिली थी कि तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर द्वारा Mega Blood Donation Drive (MBDD) एवं Vision for Visionless 2.0 के अंतर्गत नेत्रदान जैसे मानवीय कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। इस जानकारी से प्रभावित होकर श्री सावंत ने उत्साहपूर्ण वातावरण में पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी से अपनी भेंट का प्रेरणादायी संस्मरण साझा किया।

उन्होंने परिषद् के इन मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जहाँ भी और जिस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता हो, वे सहयोग के साथ पूर्ण आत्मीयता एवं मानवीय समर्थन देने के लिए तत्पर रहेंगे।

इसी दौरान निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री फिरोज पठान ने भी परिषद् के सेवा कार्यों में अपने संपूर्ण पुलिस महकमे के साथ सहयोग एवं सहभागिता की इच्छा व्यक्त की।

जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक तंत्र के इस सकारात्मक सहयोग ने मानो परिषद् के सेवा कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान कर दी। आध्यात्मिक प्रेरणा के साथ राजनीतिक एवं प्रशासनिक सहयोग का यह संगम ऐसा प्रतीत हुआ कि अभियान केवल परिषद् का नहीं, बल्कि समाज, प्रशासन और आध्यात्मिक जगत के सामूहिक प्रयास का अभियान बन गया।

इस आत्मीय सहयोग से अभिभूत होकर तेरापंथ युवक परिषद्, चेंबूर के मंत्री श्री कपिलजी मेहता ने सभी के प्रति हृदय से खूब-खूब आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अल्प समय में मिला यह सहयोग परिषद् के लिए मानो एक अनमोल उपहार बन गया—जिससे सेवा, सहयोग और मानवता के संकल्प को नई शक्ति मिली।

402 views