मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया अन्नपूर्णा रसोई का लाेकार्पण, नाम जैसी ही है इस भाेजनालय की खासियत*
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी के त्योहार पर कान्हा की नगरी वृंदावन पहुंच चुके हैं। वे यहां नवनिर्मित अन्नपूर्णा भाेजनालय का लोकार्पण करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने वाले हैं। इस भाेजनालय का जैसा नाम है अन्नपूर्णा, वैसी ही इसकी खासियत भी है।वृंदावन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर पवनहंस हेलीपेड पर दोपहर करीब डेढ़ बजे पहुंचा। यहां संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण समेत स्थानीय विधायको ने बुके देकर किया स्वागत, स्वागत के बाद मुख्यमंत्री का काफिला अन्नपूर्णा रसोई के लिए रवाना हुआ। यहां विजय कौशल महाराज व अन्य ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अन्नपूर्णा रसोई का लाेकार्पण करने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करेंगे और संत समाज से भेंट करेंगे। इस दौरान आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद हैं।उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा तैयार कराए गए इस वातानुकूलित भोजनालय में दिनभर में करीब पांच हजार यात्रियों को भोजन मिलेगा। इसके लिए रोटी से लेकर सब्जी, दाल, कढ़ी भी मशीनों से तैयार होंगी। एक मशीन से एक घंटे में तीन हजार रोटियां तैयार होंगी। एक दिन में भोजन की लागत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। वृंदावन में आने वाले देसी विदेशी श्रद्धालुओं के लिए यहां निशुल्क भाेजन की व्यवस्था रखी गयी है।






