*दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना का दक्षिण मुंबई में हुआ अभिनंदन
*
मुंबई। आचार्य महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में 31 अगस्त 2026 को आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन एवं श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेयुप,महिला मंडल दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना का अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
तेरापंथ महिला मंडल, दक्षिण मुंबई द्वारा सुंदर गीत की प्रस्तुति के माध्यम से दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना को मंगलभावनाएं एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। महिला मंडल अध्यक्षा लतिका डागलिया एवं सभा अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया ने समस्त तेरापंथ समाज, दक्षिण मुंबई की ओर से दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना को उनकी संयम यात्रा के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने अपने संबोधन में कहा कि दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना अपने बाफना परिवार का गौरव बढ़ा रहे हैं। जीवन के इस पड़ाव पर संसार का त्याग कर संयम के मार्ग को स्वीकार करना अत्यंत वीरता और साहस का कार्य है। उन्होंने कहा कि दीक्षार्थी की पत्नी प्रेमलता ने जिस साहस एवं प्रसन्नता के साथ उन्हें संयम पथ पर विदा किया, वह अत्यंत प्रशंसनीय एवं खुशी की बात है। उपलब्ध सुख-सुविधाओं का त्याग कर संयम स्वीकार करने का उनका संकल्प जैन शासन की प्रभावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
साध्वीवृंद ने भी सुंदर गीत के माध्यम से दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना को मंगलकामनाएं दीं। शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने कहा कि आपकी संयम यात्रा प्रवर्धमान रहे तथा आप जैन शासन की खूब प्रभावना करें। उन्होंने कहा कि अप्रमत्त जीवन जीते हुए विनय एवं सद्व्यवहार को अपने जीवन में प्रमुखता प्रदान करें।
समारोह में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़, तेयुप सहमंत्री दीपक कच्छारा, उत्सव धाकड़, फाउंडेशन से सुखलाल सियाल सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता एवं श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़ ने किया। समारोह में उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं ने दीक्षार्थी बाबुलालजी बाफना के संयम जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। यह जानकारी तेयुप दक्षिण मुंबई उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।
2144 views





