नेहरू, वीर सावरकर, बेगम हजरत महल व रानी लक्ष्मी बाई समेत इन स्वतंत्रता सेनानियों को PM मोदी ने किया याद*
आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित किया। इस बार पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर 9वीं बार तिरंगा फहराया। इस दौरान देश की आजादी के 75 वर्षों पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रधानमंत्री ने भारत के स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद किया। पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर बाबासाहेब अम्बेडकर व वीर सावरकर से लेकर रानी लक्ष्मीबाई और बेगम हजरत महल के योगदान का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी की जंग लड़ने वाले और आजादी के बाद देश बनाने वाले भी अनेक महापुरुषों को आज नमन करने का अवसर है। देश मंगल पांडे, तात्या टोपे, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद, असफाक उल्ला खां, राम प्रसाद बिस्मिल ऐसे अनगिनत हमारे क्रांति वीरों का कृतज्ञ है। जिन्होंने अंग्रेजों की हुकूमत की नींव हिला दी थी। ये देश का सौभाग्य रहा है कि आजादी की जंग के कई रूप रहे हैं। उसमें एक रूप वो भी था, जिसमें नारायण गुरु हो, स्वामी विवेकानंद हों, महर्षि अरविंदो हों, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर हों, ऐसे अनेक महापुरूष हिंदुस्तान के हर कोने में भारत की चेतना को जगाते रहे।






