पुराने तेवर में दिखे मुलायम, मैनपुरी में कार्यकर्ताओं से बोले-‘हार-जीत होती रहेगी आप अन्याय के खिलाफ करें संघर्ष*
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव आज मैनपुरी में एक साथ थे। इस दौरान मुलायम अपने पुराने अंदाज में दिखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा-हार-जीत होती रहेगी आप अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखें, मैनपुरी में सपा कार्यालय पहुंची तो ‘नेताजी जिंदाबाद’ के नारे लगने लगे। कार रुकी तो सुरक्षा से जुड़े चार कर्मियों ने सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव को नीचे उतारा। एक सुरक्षाकर्मी ने एक हाथ पकड़ा तो एक सुरक्षाकर्मी के कंधे पर मुलायम ने हाथ रखा। नजर भीड़ पर पड़ी तो उन्होंने हाथ हटाकर भीड़ के सामने जोड़ लिए। चेहरे पर चिर परिचित मुस्कान दिखी तो शोर बढ़ गया।विधानसभा चुनाव में प्रचार करने आए मुलायम सिंह यादव ने बेटे अखिलेश यादव के लिए वोट मांगे थे। इसके बाद वे सिर्फ कार्यकर्ताओं से मिलने मैनपुरी आए। आते ही उन्हें कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए ले जाया गया। उन्होंने माइक पकड़ा और लगभग 20 मिनट बात रखी। कहा कि आंबेडकर के साथ उन्हें भी काम करने का मौका मिला। समाजवादी लोग उनके अगले जन्मदिवस पर उनके विचारों की पुस्तक तैयार कराएं और इसे जनता के बीच बांटें।






