अपर्णा यादव पर बोले अखिलेश, अच्छी बात है भाजपा हमारे परिवारवाद को खत्म कर रही*
डा. बीआर आंबेडकर के जंयती कार्यक्रम में सपा संरक्षक मुलायम सिंह के साथ पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी शामिल हुए। विधायक बनने के बाद पहली बार मैनपुरी में आए अखिलेश ने कार्यक्रम के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा की नीतियों पर करारे हमले किए। शिवपाल यादव के सवाल पर अखिलेश यादव ने पहले तो कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद जब अपर्णा यादव का जिक्र किया गया तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अच्छी बात है,भाजपा हमारे परिवारवाद को खत्म कर रही है। आजम खान के करीबियों के माेर्चा खोलने के सवाल को वह टालते रहे, फिर बोले कि जो बातें आज हो रही हैं दो महीने पहले क्यों नहीं हुईं। इससे पहले कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहने की बात कही।उन्होंने कहा कि समाजवादियों का काम अन्याय के खिलाफ लड़ना है। अब किसी कार्यकर्ता के साथ अत्याचार नहीं होने देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव की तैयारी करने की भी बात कही। अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि एक तरफ तो सरकार महंगाई से जनता को लूट रही है। दूसरी तरफ ब्याज कम कर हमारे पैसे की लूट हो रही है। बैंकों के लाकर तक में चोरी हो रही है।






