अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, कहा-उत्तर प्रदेश में दौड़ रही अपराध की बुलेट ट्रेन*
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है और भाजपा के दूसरे कार्यकाल में अपराधी पहले से ज्यादा निडर हैं, उन्हें पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं रह गया है। सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बैंक लूट, लॉकर चोरी, बलात्कार, गोलीकांड और हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, प्रदेशवासी आतंकित है और चारों तरफ भय का वातावरण है,सपा प्रमुख ने रायबरेली में खेत की रखवाली करने गए प्रधान के भाई की हत्या, सीतापुर के बिसवां में एक गांव में अपराधियों द्वारा कथित तौर पर घंटों आतंक मचाने और हैदरगंज थाना क्षेत्र में लुटेरों द्वारा सिपाही की रायफल और बाइक लूट लेने जैसी घटनाएं गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध की बुलेट ट्रेन दौड़ रही है। इन घटनाओं को भाजपा राज पर कलंक बताते हुए यादन ने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बदहाल है और मुख्यमंत्री जी दावे तो बड़े-बड़े करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि प्रशासन तंत्र पर उनका नियंत्रण ही नहीं रह गया है, एक तरह से उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का शून्यकाल चल रहा है.






