अलीगढ़ प्रशासन ने 16 करोड़ रुपये की जमीन कब्जा मुक्त कराई*
अलीगढ़ में सरकारी जमीन से कब्जा मुक्त कराने का अभियान जारी है। मंगलवार को प्रशासन ने जवां के मिर्जापुर सिया गांव में 16 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन को कब्जा मुक्त कराया। गाटा संख्या 174 पर 1.238 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा था। प्रशासन की टीम ने जेसीबी से होटल व दुकान को ध्वस्त कराया।डीएम के आदेश पर जिले भर में सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसडीएम संजीव ओझा व तहसलीदार कोल डा. गजेंद्र सिंह पुलिस टीम व जेसीबी के साथ दोपहर तीन बजे जवां के मिर्जापुर सिया गांव पहुंचे। यहां पर पहले ही सरकारी जमीन की पैमाइश की जा चुका थी। फिरदौस नगर निवासी मंसूर अहमद पुत्र अमीन खान ने पूरी जमीन पर बाउंड्री करा दी थी। इसके भीतर लोगों ने दुकान, होटल व रहने के लिए कमरे बना लिए थे। तहसील कोल की टीम की जांच में भूमि सरकारी मिली। एसडीएम संजीव ओझा ने मामले की पैमाइश कराई और 1.238 हेक्टेयर भूमि को मंगलवार को कब्जा मुक्त कराया। बरौली रोड से सटी भूमि बेशकीमती है। सर्किल रेट के अनुसार 6300 रुपये वर्ग मीटर के हिसाब से 8 करोड रुपये है। जिसकी मार्केट कीमत 16 करोड़ रुपये है।तहसीलदार कोल डा. गजेंद्र सिंह ने बताया कि सरकारी भूमि से जुड़े 18 मामले चिन्हित किए गए हैं। अलग-अलग दिनों जमीन कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। कोल के सभी थाना क्षेत्रों में सरकारी जमीन हैं। डीएम के निर्देश पर अब कार्रवाई रोजाना जारी रहेगी। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि जवां के मिर्जापुर सिया गांव में 16 करोड़ रुपये की जमीन कब्जा मुक्त कराई गई है। अवैध रूप से सरकारी जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।






