दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली शुरू, बिना फास्टैग वालों के घर पहुंचेगा डबल टैक्स का चालान

दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली शुरू, बिना फास्टैग वालों के घर पहुंचेगा डबल टैक्स का चालान*
चिपियाना आरओबी के अधूरे निर्माण के साथ डीएमई (दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे) पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से टोल वसूली की शुरुआत हो गई। एक्सप्रेस-वे से गुजरने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके वाहन पर वैध फास्टैग लगा है और इसमें पर्याप्त रिचार्ज भी है। यदि ऐसा नहीं है तो दोगुना टैक्स देना पड़ेगा। काशीपुर टोल प्लाजा से गुजरे तो नकद भुगतान करना होगा और उससे पहले हाईवे से उतरे तो दोगुना टैक्स का चालान आपके घर पहुंच जाएगा। डीएमई पर सिर्फ एक मुख्य टोल प्लाजा काशीपुर में बनाया गया है और इसके साथ डासना में दोनों तरफ दो-दो टोल गेट बनाए गए थे। बाकी एग्जिट प्वाइंट की तरह डासना पर भी आटोमेटिक टैक्स कट रहा है। यहां टोल गेट खाली पड़े हैं और यहां से वाहन बिना रुके गुजर रहे हैं। यानी पूरे डीएमई पर सिर्फ काशीपुर टोल प्लाजा पर ही कर्मचारी तैनात हैं। बाकी सभी जगह हाईवे से उतरने पर एएनपीआर (आटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर) कैमरे के जरिए आनलाइन टैक्स कट रहा है,सराय काले खां से डासना तक डीएमई और एनएच-9 एक साथ हैं। एनएच-9 पर डासना तक का सफर पहले से निश्शुल्क है और डीएमई पर भी इस दायरे में कोई टोल टैक्स की वसूली नहीं की जाएगी। डासना से आगे जाते हैं तो पूरा टैक्स वसूला जाएगा। दिल्ली से डासना तक का सफर निश्शुल्क करने की वजह एनएच-9 है, क्योंकि यदि इस दायरे में डीएमई पर टैक्स लिया जाता तो फ्री के चक्कर में सभी वाहन चालक इस दायरे में एनएच-9 के चार लेन से गुजरते और ऐसी स्थिति यातायात प्रबंधन मुश्किल होता।

1382 views