भारतीय राजनीति में भाजपा के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे आर्यमन एकाएक चर्चाओं में आ गए हैं।

भारतीय राजनीति में भाजपा के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे आर्यमन एकाएक चर्चाओं में आ गए हैं। चर्चा का कारण सिंधिया परिवार का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस गर्मजोशी के साथ आर्यमन से मुलाकात की उसकी तस्वीरें लोगों को आकर्षित कर रही है। मोदी-आर्यमन एक-दूसरे की पीठ पर हाथ रखे भी दिखाई दे रहे हैं। वैसे मोदी से मुलाकात में ज्योतिरादित्य के साथ उनकी मां माधवी राजे, पत्नी प्रियदर्शनी भी मौजूद थी। बेटी अनन्या इस दौरान मौजूद नहीं थी।

पीएम मोदी से मुलाकात को राजनीतिज्ञ आर्यमन के राजनीतिक भविष्य से देख रहे हैं हालांकि मोदी किसी भी नेता पुत्र को आसानी से भाजपा में राह दे देंगे यह भी तय नहीं है। 17 नवंबर 1995 को पैदा हुए आर्यमन ने देहरादून के दून स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। अमेरिका के येल यूनिवर्सिटी से 2019 में ग्रेज्युएशन पूरा करने वाले आर्यमन इन दिनों पिता ज्योतिरादित्य के साथ कई कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं। वे जनता के बीच भी जाकर पिता के कामकाज को देखते हैं। बात यह आ रही है कि आर्यमन कैसे राजनीति में आएंगे क्योंकि वंशवाद को लेकर भाजपा में सख्ती है। ज्योतिरादित्य खुद राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अभी बहुत लंबा है। ऐसे में आर्यमन को लोकसभा या विधानसभा का टिकट देना उन कार्यकर्ताओं को बैचेन कर देगा जो भाजपा को वंशवाद से दूर मानते हैं। एक बात यह भी आ रही है कि आर्यमन ने पार्टी की सदस्यता भी नहीं ली है हालांकि इसे लेकर सिंधिया खेमे से जुड़े लोगों का कहना है ज्योतिरादित्य ने भी कांग्रेस की सदस्यता टिकट मिलने के बाद ही ली थी। वैसे कांग्रेस और भाजपा में टिकट वितरण के दौरान काफी अंतर रहता है और इसे देखते हुए भाजपा में आर्यमन की राह इतनी आसान भी नहीं होगी। खैर, यह मुलाकात तो हुई, आगे देखना है क्या समीकरण बनते हैं।

827 views