*पुलिस कमिश्नर ने चलाया ऑपरेशन प्रहार…सारे थाने बदमाशों से भरे.. रात भर चली धरपकड़ में 1757 आरोपियों के खिलाफ हुई कार्यवाही…ड्रोन कैमरों का भी किया इस्तेमाल*
पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने कल रात ऑपरेशन प्रहार चलवाया , पहली बार पुलिस ने इस तरह की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें डेढ़ हजार से अधिक पुलिस अधिकारी जवान और कर्मचारी शामिल रहे. एक दर्जन से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी और चेकिंग की गई और नशे के अड्डों पर भी छापे डाले ..देर रात शुरू हुआ यह अभियान अलसुबह तक जारी रहा और इस दौरान 666 वारंटी तामिली और 322 समंस तामील करवाए गए और 281 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई . 66 फरार आरोपियों को भी इस दौरान धर दबोचा तो 291 सूचीबद्ध गुंडे भी हत्थे चढ़े .
पुलिस कमिश्नर ने सभी जोन में टीमों का गठन किया और उन्हें बकायदा किस तरह की कार्यवाही करना है , इसकी जानकारी दी गई . 29 मार्च की रात को शुरू किए इस ऑपरेशन प्रहार के दौरान कुल मिलाकर 1757 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई . जिसमें 156 स्थाई वारंटी , 214 गिरफ्तारी वारंटी, 296 जमानती वारंटी तथा 66 विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में फरार आरोपियों को टीमों ने पकड़ा. इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग और निगरानी भी कंट्रोल रूम के कैमरों और 4 अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के द्वारा की गई . ड्रोन का इस्तेमाल घनी बस्तियों , तंग गलियों और छतों पर छुपे गुंडे बदमाशों की पहचान कर उन्हें दबोचने के लिए किया गया . वहीं ब्रीथ एनालाइजर का उपयोग नशा कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ किया गया . रात भर चले इस ऑपरेशन प्रहार के चलते शहर के सारे पुलिस थानों के हवालात भर गए और फिर अस्पतालों में एमएलसी के लिए अपराधियो की लंबी लाइन लग गई . इस पूरे अभियान में सभी जोन के पुलिस अफसरों के साथ साथ रिजर्व बल के 15 सौ से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया . अतिरिक्त वाहनों का अधिग्रहण भी करना पड़ा क्योंकि 100 से अधिक चार पहिया वाहनों के साथ जेल वाहनों को भी इस ऑपरेशन में लगाया गया . पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने जहां इस ऑपरेशन की समूची रूपरेखा बनाई और निरंतर मॉनिटरिंग की वही अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था मनीष कपूरिया एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय राजेश हिंगणकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त ज़ोन 1 अमित तोलानी , पुलिस उपायुक्त जोन 2 संपत उपाध्याय , ज़ोन 3 के उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह भदोरिया , जोन 4 के राजेश कुमार सिंह और पुलिस उपायुक्त अपराध निमिष अग्रवाल और पुलिस उपायुक्त रजत सकलेचा के नेतृत्व में यह ऑपरेशन प्रहार चलाया गया . उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्त निर्देश दिए है कि गुंडे बदमाशों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए और उनके अवैध निर्माणों को भी ढहाया जाए . अभी पिछले दिनों ही महू के पिगडंबर के आगे गुर्जरखेड़ा में हुई हत्या के मामले में अगले ही दिन पुलिस ने आरोपियों के निर्माणों पर प्रशासन-निगम अमले की मदद से बुलडोजर चलवाए . वहीं कल रात ऑपरेशन प्रहार के जरिए असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के साथ उनकी कमर तोड़ने का ऑपरेशन प्रहार चलाया . पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार जैसी कार्यवाही जारी रहेगी , गुंडों की जगह जेल में है , जहां उन्हें पहुँचाया जा रहा है .जनता को बेहतर कानून-व्यवस्था , शांति देने के लिए इंदौर पुलिस प्रतिबद्ध है






