10 साल में 2 लाख करोड़ रुपए बढ़ी मुकेश अंबानी की संपत्ति, 174% का हुआ इजाफा
मुकेश अंबानी की स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने पिछले एक दशक में जबरदस्त प्रगति की है। इसका असर मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति पर भी पड़ा है। साथ ही दुनियाभर में उनका रसूख बढ़ा है। कुछ दिनों बाद स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) का सम्मेलन होने वाला है, जिसमें मुकेश अंबानी को भी आमंत्रित किया गया है। इस बीच, ‘ब्लूमबर्ग’ ने मुकेश अंबानी के साथ ही दुनिया के कुछ अन्य धनकुबेरों की कुल अर्जित संपत्ति का लेखाजोखा तैयार किया है। इसके अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख की संपत्ति में वर्ष 2009 के बाद से अब तक कुल 174 फीसद का इजाफा हुआ है। साल 2009 में मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति 16 बिलियन डॉलर (1,13,960 करोड़ रुपए) थी। मौजूदा समय में यह आंकड़ा 43.8 बिलियन डॉलर (3,11,965 करोड़ रुपए) तक पहुंच गया है। इसका मतलब यह हुआ कि पिछले 10 वर्षों में मुकेश अंबानी की संपत्ति में 27.8 बिलियन डॉलर (1,98,005 करोड़ रुपए) की वृद्धि हुई। यह डेटा 27 जनवरी, 2009 से 17 जनवरी, 2019 के बीच का है। बता दें कि शेयर बाजार में पिछले दो दिनों से लगातार वृद्धि का रुख है। देश के साथ विदेशी निवेशकों के सकारात्मक रवैये के चलते शेयर बाजार भी ग्रीन जोन में है। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका है। IT सेक्टर के साथ ही मुकेश अंबानी की कंपनी के शेयर का मूल्य लगातार बढ़ रहा है।
12 उद्योगपतियों की संपत्ति में 12,46,437 करोड़ रुपए की वृद्धि: ब्लूमबर्ग की ओर से अरबपतियों की संपत्तियों को लेकर जारी इंडेक्स में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इसके मुताबिक, दुनियाभर के 12 शीर्ष उद्योगपतियों की निजी संपत्तियों में पिछले 10 वर्षों में कुल 175 बिलियन डॉलर (12,46,437 करोड़ रुपए) की वृद्धि हुई। दूसरी तरफ, WEF सम्मलेन से पहले ऑक्सफेम की ओर से भी एक डेटा जारी किया गया है। इसके अनुसार, भारत में सबसे गरीब 10 फीसद आबादी वर्ष 2004 से ही कर्ज के बोझ तले दबे हैं, जबकि धनकुबेरों की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
2419 views





