उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के बाद भी अलीगढ़ में टैक्स फ्री नहीं हुए द कश्मीर फाइल्स के शो*
कश्मीरी पंडितों के पलायन और दर्द को बयां करती फिल्म द कश्मीर फाइल्स का अलीगढ़ में एक भी शो टैक्स फ्री नहीं हुआ है। प्रदेश सरकार की तरफ से 14 मार्च को इसका आदेश जारी हुआ था, लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी यहां का कोई सिनेमा घर इसमें शामिल नहीं हो पाया। वहीं, स्टार वल्र्ड सिनेमा व डीडी सिनेमा के संचालकों ने निजी तौर पर टिकट की कीमत 20 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से कम की है।एक सप्ताह पहले रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स को राज्य सरकार ने टैक्स फ्री करने की घोषणा की थी। अलीगढ़ के सिनेमाघरों में इसका लाभ दर्शकों को नहीं मिला है। सभी सिनेमाहाल में पहले की तरह ही टैक्स लागू है। वहीं, शासनादेश के मुताबिक प्रदेश भर में फिल्म के 200 प्रिंट ही सप्ताहभर में टैक्स फ्री किए गए हैं। ऐसे में चुनिंदा शहरों के महज 43 सिनेमा घर में शो टैक्स फ्री संचालित हो रहे हैं। सिनेमा संचालकों के मुताबिक फिल्म को टैक्स फ्री करने पर टिकट से नौ प्रतिशत एसजीएसटी हट जाता है। अगर किसी शो का टिकट 200 रुपये है तो टैक्स फ्री होने पर इसकी कीमत 182 रुपये रह जाती है।डीडी सिनेमा में दो तरह के टिकट मिलते हैं। रिक्लाइनर सीट के लिए सामान्य तौर पर 450 रुपये देने होते थे, लेकिन फिलहाल 300 रुपये देने होते हैं। वहीं, प्राइमर सीट के लिए वैसे 180 रुपये थे, लेकिन फिलहाल 160 रुपये ही देने पड़ रहे हैं। इसी तरह स्टार वल्र्ड सिनेमा में तीन तरह की सीट उपलब्ध हैं। इसमें 400 रुपये वाली रिक्लाइनर सीट की टिकट 320 रुपये में मिल रही है। 200 वाली प्राइमर सीट की कीमत 170 रुपये है। वहीं, 180 वाली रेगुलर सीट की टिकट 150 रुपये है।






