उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए आज से नामाकंन, 36 सीटों पर चुने जाएंगे एमएलसी*
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद अब विधान परिषद के चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश विधानमंडल में उच्च सदन के लिए 36 सदस्यों के चुनाव के लिए मंगलवार यानी आज से नामांकन होगा। विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और इसका परिणाम 12 को आएगा। 36 सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दो चरण में होगा।उत्तर प्रदेश विधान परिषद में अभी भी संख्याबल के मामले में समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी से आगे है। प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा इस संख्या बल को पीछे छोड़ने के प्रयास में है। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 36 सीटों के लिए नामांकन आज से प्रारंभ होगा। 30 सीटों के लिए आज से प्रारंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया 19 तक चलेगी, जबकि छह अन्य सीटों के लिए आज से शुरू होकर नामांकन 22 तक दाखिल होंगे। प्रदेश में 29 निर्वाचन क्षेत्रों की 30 सीटों के लिए अधिसूचना चार फरवरी को जारी हो चुकी थी। इसके साथ ही नामांकन पत्र भी भरने शुरू हो गए थे, किंतु बाद में सात फरवरी को इन चुनाव को स्थगित कर दिया गया थाइसी के तहत अब 30 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च से फिर शुरू हो रही है। यानी जिन्होंने पहले नामांकन भर दिया है उन्हें अब दोबारा नामांकन पत्र भरने की जरूरत नहीं है। दूसरे चरण में छह सीटों के लिए अधिसूचना 10 फरवरी को जारी होनी थी लेकिन इससे पहले ही चुनाव स्थगित हो गए थे। ऐसे में दूसरे चरण की अधिसूचना 15 मार्च मंगलवार को जारी होगी। वहीं, पहले चरण का नामांकन 15 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेंगे। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। दूसरे चरण में छह सीटों के लिए नामांकन 15 मार्च से शुरू होंगे 22 मार्च तक चलेंगे। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 25 मार्च को नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे। नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना होगी।






