*LIC का मार्केट शेयर 70% गिरा, प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनियों की आक्रामक रणनीति रही वजह*
सरकारी स्वामित्व वाले भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की बाजार हिस्सेदारी मार्च 2018 में समाप्त तिमाही में 70 फीसदी से नीचे आ गयी. निजी बीमा कंपनियों की अधिक आक्रामक रणनीति अख्तियार करने से कंपनी की हिस्सेदारी में यह कमी देखी गयी है.
पिछले वित्त वर्ष में निजी बीमा कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी 2016-17 की 28.19 फीसदी से बढ़कर 30.64 फीसदी हो गयी. भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है, वित्त वर्ष 2017-18 में प्रीमियम से कुल आय के आधार पर एलआईसी की बाजार हिस्सेदारी 71.81 से घटकर 69.36 फीसदी पर आ गयी है.
समीक्षाधीन वित्त वर्ष में नयी बीमा पॉलिसी से आय के मामले में भी निजी बीमा कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी बढ़ी है. पॉलिसी के नवीनीकरण से प्राप्त होने वाले प्रीमियम के मामले में एलआईसी की हिस्सेदारी पिछले साल के 72.31 फीसदी से घटकर 69.35 फीसदी पर आ गयी. वहीं निजी बीमा कंपनियों की हिस्सेदारी 27.69 फीसदी से बढ़कर 30.65 फीसदी हो गयी.
आलोच्य वित्त वर्ष में जीवन बीमा कंपनियों ने 281.97 लाख नयी बीमा पॉलिसी जारी की. इनमें से एलआईसी ने 213.38 लाख नयी पॉलिसी (75.7 फीसदी) जारी किया और निजी बीमा कंपनियों ने 68.59 लाख पॉलिसी जारी किये.
1573 views





