यूक्रेन में रतलाम सहित अन्य भारतीय छात्र बंकरों, मैट्रो ट्रेन की टनल और गोदामों में छिपकर मदद का कर रहे इंतजार

यूक्रेन में रतलाम सहित अन्य भारतीय छात्र बंकरों, मैट्रो ट्रेन की टनल और गोदामों में छिपकर मदद का कर रहे इंतजार
रतलाम । यूक्रेन पर रूस के हमले ने रतलामवासियों की भी परेशानी बढ़ा दी है। यहां के तीन युवा यूक्रेन में फंसे होने से उनके परिजन की परेशानी बढ़ गई है। नामली के युवक का मोबाइल फोन बंद होने से परिजन ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। जानकारी के उक्त युवक सहित अन्य मेट्रो ट्रेन की टनल और गोदामों में छिपे हैं।

अब तक रतलाम के तीन युवाओं के यूक्रेन में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। इसमें रतलाम शहर के सुमंगल गार्डन के पास रहने वाली वैशाली, हाट रोड की खुशबू कुरैशी और नामली का अनिल राठौड़ शामिल है। तीनों के ही अलग-अलग स्थानों पर फंसे हैं। सभी के परिजन यूक्रेन की मौजूदा स्थिति के चलते काफी चिंतित हैं। उनकी परेशानी अपने बच्चों से संपर्क नहीं हो पाना है।

नामली के अनिल राठौड़ भी यूक्रेन की राजधानी कीव में फंसे हैं। अनिल के परिजन ने प्रशासन से बेटे को सुरक्षित स्वदेश लाने की गुहार लगाई है। अनिल के पिता गोपाल का कहना है कि कि उनकी अऩिल से शुक्रवार को बात हुई थी। तब अनिल ने बताया था कि उसके सहित कई भारतीय छात्र मेट्रो स्टेशन की टनल तथा गोदाम में छिपे हुए हैं। गोपाल राठौड़ के मुताबिक अनिल ने उन्हें कुछ वीडियो भी भेजे थे जिसमें उनके आसपास के इलाकों पर मिसाइलों से हमले होते दिखाई दे रहे हैं। यही कारण है कि परिजन की परेशानी बढ़ गई है।

गोपाल के अऩुसार अनिल ने बताया था कि जहां वे ठहरे हैं वहां मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था नही है। ऐसे में वे मोबाइल फोन का बहुत जरूरी होने पर ही उपयोग कर रहे हैं ताकि बैटरी बची रहे। परंतु अब अनिल के मोबाइल फोन पर कॉल करने पर उससे संपर्क नही हो पा रहा है। इससे चिंता ज्यादा बढ़ गई है। इसके चलते ही गोपाल व अन्य ने नामली टीआई प्रीति कटारे, तथा तहसीलदार कुलभूषण शर्मा से अऩिल को सुरक्षित रतलाम लाने की गुहार लगाई है। नामली के युवक के यूक्रेन में फंसे होने के बारे में पता चलने पर कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने नामली के अधिकारियों से चर्चा की थी और अनिल के परिवार को रतलाम बुलवा लिया था और संयम से काम लेने का अनुरोध किया था।

1136 views