रतलाम / गर्मी में इस बार पानी की कमी नहीं होगी क्योंकि धोलावड़ डैम में बीते साल से आधा मीटर ज्यादा पानी भरा है । इसका कारण ठंड का असर ज्यादा दिनों तक रहना है । सामान्यतः फरवरी में गर्मी तेज हो जाती है , इससे वाष्पीकरण के साथ ही सिंचाई के लिए ज्यादा पानी छोड़ना पड़ता है । इस साल अभी भी ठंड कंपकंपा रही है । इससे फसल पहले ही बहुत अच्छी तरह से पक चुकी फसलों को सिंचाई के लिए लिए कम पानी लग रहा है । जल संसाधन विभाग नहरों में जरूरत के मुताबिक ही पानी छोड़ रहा है । 19 सितंबर 2021 को 394.50 मीटर पूरा भरकर लबालब हो चुके धोलावड़ में सोमवार तक 390 मीटर पानी था । 2021 में इसी दिन डेम का जलस्तर 389.50 मीटर था । गर्मी में दिक्कत न आए इसलिए नगर निगम ने इंटकवेल , वॉल्व , फिल्टर प्लांट का मेंटेनेंस करने के साथ लीकेज ठीक करना शुरू कर दिए हैं ।
अप्रैल , मई जून माह में शहर के बाहरी क्षेत्रों में आ सकती है दिक्कत , टैंकरों से सप्लाई करेंगे
पानी की मांग और आपूर्ति में हालांकि अभी से 1 से 2 एमएलडी अंतर है । वर्तमान में जरूरत 34 से 35 एमएलडी की है , डेम से शहर तक 31 से 32 एमएलडी पानी ही पहुंच रहा है । यह मात्रा बढ़ाने के लिए जलप्रदाय अमला एक माह में 34 अवैध नल कनेक्शन काट चुका है । रोजाना तीन से चार लीकेज ठीक करवा रहे हैं । अभी शहर में 120 से ज्यादा छोटे बड़े लीकेज हैं , जिन्हें सप्लाई के समय हजारों लीटर पानी बह के जाता है । इसी कारण कुछ क्षेत्रों में पानी कम आने की शिकायत रहती है । नगर निगम ने तीन से पांच हजार लीटर वाले टैंकरों से पानी सप्लाई की योजना बनाई है ।
खेतलपुर और करमदी रोड के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में साफ हुए पानी का रियूज प्रारंभ गंदा पानी साफ करने के लिए खेतलपुर और करमदी रोड के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट ने काम शुरू कर दिया है । इनसे निकलने वाले ट्रीटेड पानी का रियूज प्रारंभ हो गया है । फिलहाल निगम इसका उपयोग निर्माण कार्य में छिड़काव , बगीचों सहित अन्य कार्य में कर रहा है । आयुक्त सोमनाथ झारिया ने बताया गर्मी में जलप्रदाय में दिक्कत नहीं आएगी । डेम में भरपूर पानी है । मेंटेनेंस के साथ व्यवस्था सुधार रहे हैं । एसटीपी प्लांट में ट्रीटेड किए पानी का उपयोग भवन निर्माण , सिंचाई , उद्यान आदि के उपयोग के लिए नगर निगम से न्यूनतम दर पर लिया जा सकता है ।







