तिरंगा दिवस पर गांधी हॉल परिसर में फहराया गया भारतीय ध्वज
इंदौर। तिरंगा दिवस के अवसर पर गुरुवार को स्थानीय गांधी हॉल परिसर में झंडावंदन किया गया और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई।
स्टेट प्रेस क्लब,मप्र अभिनव कला समाज़,तिरंगा अभियान और अनवरत थिएटर ग्रुप ने मिलकर तिरंगा दिवस मनाया।आजादी के बाद देश की संविधान सभा ने 22 जुलाई को तिरंगे ध्वज को मान्यता दी थी।
गांधी हॉल में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सन्देश दिया गया कि आज़ादी के सात दशक बाद भी हमें तिरंगा दिवस के बारे में जानकारी नहीं है।हम मदर्स-डे,फादर्स-डे, वेलेंटाइन-डे आदि मनाते हैं लेकिन राष्ट्रीय गर्व के विषयों को भूल जाते हैं। कलाकारों ने तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व,अशोक चक्र और ध्वज फहराने की विधि की जानकारी भी नाटक के माध्यम से दी।निदेशक नीतेश उपाध्याय निर्देशन में जीनियस चौबे,किशन ओझा, फइम खान,मुस्कान रँगसोरे,गीतिका गौर, विनय बामनिया,अरविंद सिलावटे,जिष्णु भट्टाचार्य ने नाट्य प्रस्तुति दी।
प्रारम्भ में प्रवीण कुमार खारीवाल, अरविंद अग्निहोत्री,रवि अतरोलिया, नीतेश उपाध्याय ने झंडावंदन किया।मुख्य अतिथि थे वरिष्ठ संगीतज्ञ पंडित सुनील मसूरकर। इस अवसर पर राष्ट्रगान गाकर ध्वज को सलामी दी गई। तिरंगा अभियान के संयोजक रवि अतरोलिया ने बताया कि संस्था के प्रयासों से देश के कई इलाकों में आयोजन हो रहे हैं और ध्वज प्रेम की भावना बढ़ी है। अंत में कोषाध्यक्ष सोनाली यादव ने आभार व्यक्त किया।








