✒️ई-टिकट के लिए आईआरसीटीसी पर लिंक करना होगा आधार कार्ड
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर फर्जी आईडी बनाकर ई-टिकट की कालाबाजारी करने वालों का खेल अब खत्म हो जाएगा। दलालों पर आरपीएफ द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट के बाद आईआरसीटीसी ने टिकट बुकिंग की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर आईडी से आधार कार्ड, पासपोर्ट या फिर पैन कार्ड को लिंक करना होगा। यह व्यवस्था जुलाई के पहले सप्ताह से लागू हो जाएगी।फर्जी आईडी बनाकर ई-टिकट बुकिंग में मोटा मुनाफा कमाने का खेल अलीगढ़ में 2018 से संचालित है। इसमें शामिल 40 से अधिक दलालों को अब तक आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। जनसेवा केंद्रों की आड़ में इस अवैध काम को अंजाम दिया जा रहा है। आरपीएफ अलीगढ़ के सीआईबी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार कौशिक ने बताया कि आधार कार्ड, पैन कार्ड या फिर पासपोर्ट जैसे दस्तावेज लिंक होने के बाद कोई भी अवैध रूप से टिकट बुकिंग करेगा तो उसे ट्रेस करने में आसानी होगी। आईआरसीटीसी को इस संबंध में विंग की ओर से कई बार पत्राचार हुआ है, जिसके बाद यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जुलाई के पहले सप्ताह में यह सुविधा शुरू हो जाएगी






