सरकार और प्रशासन के प्रति बढ़ा व्यापारिक संगठनों का आक्रोश
सरकार और प्रशासन के प्रति बढ़ा व्यापारिक संगठनों का आक्रोश 500 व्यापारियों ने किया चौकी पर प्रदर्शन, दिया अल्टीमेटम-आदेश नही आया तो कल से खुद खोलेंगे दुकानें .भोपाल दवा, दारू, किराना स्टेशनरी, हार्डवेयर दुकानों को छोड़ बाकी दुकानें खोलने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा नहीं दिए जाने से व्यापारी संगठनों का गुस्सा भोपाल सहित प्रदेशभर में फूटने लगा। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर स्थित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और व्यापारी आज सड़क पर उतरे। करीब 500 से ज्यादा व्यापारियों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अगर शासन-प्रशासन ने सर्राफा, कपड़ा, होजिरी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, आटोमाइल्स सहित अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी,तो कल से वे खुद ही दुकानें खोल लेंगे। व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि वैवाहिक सीजन के दिन निकलते जा रहे हैं और बारिश का सीजन आ रहा है। अब जब कोरोना संक्रमण के मामले कम आ रहे हैं तो प्रशासन शहर की दुकानों को खोलने की अनुमति क्यों नहीं दे रहा है। व्यापारिक संगठनों ने आरोप लगाया है कि एक ओर दवा ,दारू और किराना, डेयरी की दुकानें खुल रही हैं तो वहीं सरकार ने सुपर मार्ट की दुकानें भी खोलने अनुमति भी दे दी है। मगर विभिन्न ट्रेडों से जुड़े कारोबारियों को दुकान खोलने की अनुमति नहीं देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार बड़ी कंपनियों की गुलाम होती जा रही है और मध्यम -छोटे कारोबारियों का काम-धंधा चौपट करने में जुटी हुई हैं। सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने कहा कि सरकार व्यापारियों की सुध नहीं ले रही है, जिसके चलते व्यापारियों में आक्रोश हैं। उनका गुस्सा अपने व्यापारिक क्षेत्र के थानों में और सड़कों पर देखने को मिल रहा है। पुराने शहर के सभी प्रमुख व्यापारिक संगठन और व्यापारियों ने पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को शीघ्र ही बाजार खोलने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा नहीं होने पर व्यापारी स्वत: ही बाजार खोलेंगे। व्यापारियों का आक्रोश सरकार के प्रति भी बढ़ता जा रहा है।