शपथ लेते ही कमलनाथ ने किया किसानों का कर्जा माफ
DECEMBER 17, 2018
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही कमलनाथ ने पहला आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश में किसानों का कर्जा माफ कर दिया गया है।आज दोपहर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कमलनाथ सीधे प्रशासनिक मुख्यालय गैलेक्सी पर पहुंचे ।वहां उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने सबसे पहले 31 मार्च 2018 तक जिन भी किसानों के राष्ट्रीयकृत एवं सहकारी बैंक के ₹200000 तक के कर्ज बकाया थे, उनके सभी के कर्ज माफ कर दिए । इस बारे में फाइल पर मुख्यमंत्री द्वारा मंजूरी दे दी गई।
इसके साथ ही प्रदेश के कृषि विभाग के प्रमुख सचिव डॉ राजेश राजौरा द्वारा इस बारे में आदेश भी जारी कर दिया गया।ध्यान रहे कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के अभियान के दौरान कांग्रेस द्वारा अपनी सरकार बनने पर 10 दिन के अंदर किसानों के कर्ज माफ करने का जनता से वादा किया गया था।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में सभाओं में कहा था कि यदि 10 दिन में कर्जा माफ नहीं होगा ,तो 11 दिन में मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा।प्रदेश में मतगणना में कांग्रेस को बहुमत मिलते ही भाजपा की ओर से साफ कह दिया गया था कि कर्जमाफी संभव नहीं है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि अब मैं प्रदेश का चौकीदार हूं। मैं यह देखूंगा कि 10 दिन में कांग्रेस किस तरह कर्ज माफी करती है।






