51 लाख रुपए श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल मण्डफिया ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिए भेंट
18-44 आयु वर्ग के लोगों को फ्री वैक्सीन उपलब्ध कराने हेतु दिया बड़ा सहयोग
मंदिर मंडल के कार्यों की हर तरफ हो रही सराहना
चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों को फ्री वैक्सीन देने की घोषणा के बाद श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल मंडफिया ने सोमवार को पूरे प्रदेश के लिए बड़ी मिसाल कायम करते हुए मुख्यमंत्री सहायता कोष में 51 लाख रुपए दिए हैं।
इस हेतु 51 लाख रुपए का चेक मंदिर मंडल के अध्यक्ष कन्हैयादास वैष्णव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी रतन कुमार स्वामी, बोर्ड सदस्य भैरूलाल सोनी, बोर्ड सदस्य भैरूलाल गाडरी आदि ने सुपुर्द किया। इस दौरान सांसद सी. पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत एवं जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा आदि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मंदिर मंडल द्वारा निरंतर कोरोना रोगियों की सेवा के लिए कार्य किया जा रहा है। बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग, पल्स ऑक्सीमीटर, फेस मास्क, सैनिटाइजर आदि उपलब्ध कराए गए हैं। कोविड हॉस्पिटल सीताफल में प्रतिदिन पौष्टिक आहार भिजवाया जा रहा है, तो इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंडफिया को अब तक 2 लाख रूपए की राशि सहायता हेतु दी जा चुकी है। हाल ही में कई गांवों में कोरोना संक्रमित लोगों को आयुर्वेदिक किट का वितरण भी किया गया है। इस प्रकार बहुत बड़ी राशि जिले को कोरोना के संकट से बाहर लाने के लिए मंदिर मंडल ने पहले ही खर्च की जा चुकी है।
इसी बीच अब एक और बड़ी मिसाल कायम करते हुए 51 लाख रुपए का चेक भी राजस्थान मुख्यमंत्री सहायता कोष हेतु दिया गया है। मंदिर मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों की न सिर्फ चित्तौड़गढ़ में बल्कि पूरे प्रदेश में सराहना हो रही है।.






