शादी एवं पारिवारिक समारोह कोरोना की सामान्य स्थिति होने तक स्थगित रहेंगे

शादी एवं पारिवारिक समारोह कोरोना की सामान्य स्थिति होने तक स्थगित रहेंगे – कलेक्टर
क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक सम्पन्न
दतिया——– 19 अप्रैल 2021/ कलेक्टर श्री संजय कुमार ने जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक को संबोधित करते हुए कह कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता जिले में व्यवस्थायें बनाकर लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाना है। इसके लिए लोगों को कोरोना की गाईड लाईन का पूर्णतः पालन करना होगा।
कलेक्टर श्री संजय कुमार ने उक्ताशय की जानकारी सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में दी। बैठक में विधायक भाण्ड़ेर श्रीमती रक्षा संतराम सिरौनिया, विधायक सेवढ़ा श्री घनश्याम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र बुद्यौलिया, जिलाध्यक्ष कांग्रेस श्री अशोक दांगी, पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौर, अपर कलेक्टर श्री एके चाॅदिल सहित क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सम्मानीय सदस्यगण एवं विभिन्न वर्गो के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जो शादी समारोह, अन्य पारिवारिक समारोह आयोजित होने वाले है उन्हें सामान्य स्थिति होने तक स्थगित रखें जाए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक, पारिवारिक एवं शादी समारोह के लिए किसी भी प्रकार की परमिशन नहीं दी जायेगी। शादी समारोह अन्य पारिवारिक समारोह में सेवा प्रदाता जिमसें बैण्ड़ बाजे, डीजे, घोड़ी वाला तथा पंड़ित, पुरोहित मौलवी आदि के भाग लेने पर संबंधित के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर सामग्री जप्ती की कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर श्री संजय कुमार ने बैठक में कहा कि देश में कोरोना के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए हमें भी पूरी सर्तकता एवं सावधानी वरतनी है। जिससे जिले में कोरोना के प्रकरण न बढ़े। उन्होंने बैठक में कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं स्वंयसेवी संस्थाओं एवं जिला प्रशासन की समझाईश से जिले के नागरिकों ने शत प्रतिशत मास्क का उपयोग कर एक जागरूक एवं सजग नागरिक का परिचय दिया है। वर्तमान समय में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिले के नागरिकों के हित में कुछ कठोर निर्णय लेना जिला प्रशासन की मजबूरी है। इस संकट के समय में भी सभी को तैयार रहकर इस बीमारी से मुकाबला करना है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में कोरोना अवधि में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद से बनी सामग्री की दुकानें बंद रहेगी लेकिन प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक तथा सायं 6 बजे से 8 बजे तक होम डिलेवरी की जा सकेगी। 20 एवं 21 अप्रैल को सब्जी तथा फल वितरण प्रातः 6 बजे से प्रातः 9 बजे तक स्थानीय प्रशासन द्वारा नियत स्थान पर किया जा सकेगा। 22 अप्रैल से आगामी आदेश तक सब्जी तथा फल की दुकानें बंद रहेगी लेकिन इस अवधि में कुछ चिन्हित सब्जी व्यापारियों द्वारा सब्जियों के कांबों पैक नियत दाम पर आॅटो आदि के माध्यम से घर पर जाकर विक्रय कर सकेंगे। जबकि दुकानों से, ठेले एवं खैरीज तथा थोक विक्रेताओं द्वारा विक्रय प्रतिबंध रहेगा। आवागमन पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जिले की सीमाओं पर वैरियर लगाकर लोगों की चैकिंग की जायेगी और इसका पूरा ब्यौरा रखा जायेगा। बैठक में विधायकगणों सहित समिति के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए।

1529 views