दूसरी शादी की जिद में खंभे पर चढ़ा बुजुर्ग

दूसरी शादी की जिद में खंभे पर चढ़ा बुजुर्ग

जान देने के लिए पकड़ी हाईटेंशन लाइन, बिजली बंद थी तो बच गया, 5 बच्चों का पिता है और नाती-पाेते भी हैं
धौलपुर. धौलपुर में एक बुजुर्ग के बिजली के खंभे पर चढ़ने का मामला सामने आया है। उसके 5 बच्चे हैं। 60 साल का ये बुजुर्ग सोबरन सिंह दूसरी शादी करना चाहता है। बच्चे शादी की सहमति दें, इसलिए उन पर दबाव बनाने के लिए बुजुर्ग ने यह कदम उठाया। बुजुर्ग दूसरी शादी की जिद करते हुए 11 केवी के बिजली के खंभे पर चढ़ गया। बुजुर्ग पहले से ही दादा और नाना बन चुका है। एक स्थानीय युवक ने जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग को नीचे उतारा।
बुजुर्ग का कहना है कि अगर उसकी दूसरी शादी नहीं कराई गई तो वह खुदकुशी कर लेगा। बुजुर्ग से पूछा गया कि वह किससे शादी करना चाहता है तो वह कहने लगा किसी से भी करा दो, बस शादी करा दो। बुजुर्ग के खंभे पर चढ़ने की सूचना जब ग्रामीणों और घरवालों को पड़ी तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। खंभे के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
हाईटेंशन लाइन में नहीं था करंट
गनीमत रही कि जिस समय बुजुर्ग खंभे पर चढ़ा, उस समय हाईटेंशन लाइन के तार में करंट नहीं था। बुजुर्ग ने जान देने के लिए बिजली के तार को पकड़ लिया, लेकिन झटका नहीं लगा। परिजनों ने घटना की सूचना तुरंत मढ़ा भाऊ बिजली सब स्टेशन पर दी। बिजली विभाग तुरंत लाइन का कनेक्शन काट दिया।
समझाइश के बाद नीचे उतारा गया
परिजन और ग्रामीणों ने बुजुर्ग को काफी समझाया। इसके बाद एक युवक राजवीर बुजुर्ग को नीचे उतारने के लिए खंभे पर चढ़ा। बड़ी मशक्कत करने के बाद बुजुर्ग को खंभे से नीचे उतारा गया। तब जाकर बिजली विभाग के कर्मचारी तथा ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह घटना रविवार की बताई जा रही है। बुजुर्ग की पत्नी का 4 साल पहले निधन हो गया था। जिसके 5 बच्चे हैं। परिवार में तीन लड़के और दो लड़कियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बुजुर्ग नाना और दादा भी बन चुका है। फिर भी दूसरी शादी करने की जिद में वह बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देर रात पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी।

1959 views