बीजेपी में शामिल होने जा रहे ‘मेट्रो मैन’ श्रीधरन, बोले- ‘विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार |

नई दिल्ली
अगले हफ्ते बीजेपी में शामिल होकर राजनीति में कदम रखने जा रहे ‘मेट्रो मैन’ ई श्रीधरन ने शुक्रवार को कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य केरल में पार्टी को सत्ता में लाना है और वह मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी दिलचस्पी राज्यपाल बनने में नहीं है इसीलिए वह बीजेपी को केरल में सत्ता में लाने के लक्ष्य के साथ राजनीति में एन्ट्री करने जा रहे हैं।
श्रीधरन ने कहा कि अगर बीजेपी को इस साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत मिलती है तो उनका ध्यान बड़े स्तर पर आधारभूत संरचना का विकास करना और राज्य को कर्ज के जाल से निकालना होगा। ‘मेट्रो मैन’ के नाम से मशहूर और इन्फ्रास्ट्र्क्चर से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं के विकास में अपना लोहा मनवा चुके श्रीधरन ने भाषा से कहा कि अगर पार्टी चाहेगी तो वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और पार्टी कहेगी तो मुख्यमंत्री का पद भी संभाल सकते हैं।

बीजेपी में शामिल होने जा रहे ‘मेट्रो मैन’ श्रीधरन, बोले- ‘विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार’
मेट्रो मैन श्रीधरन (88) ने साफ किया कि राज्यपाल पद संभालने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह संवैधानिक पद है और कोई शक्ति नहीं है और वह ऐसे पद पर रहकर राज्य के लिए कोई सकारात्मक योगदान नहीं दे पाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘मेरा मुख्य मकसद बीजेपी को केरल में सत्ता में लाना है। अगर बीजेपी केरल में चुनाव जीतती है तो तीन-चार ऐसे क्षेत्र होंगे जिसपर हम ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। इसमें बड़े स्तर पर आधारभूत संरचना का विकास और राज्य में उद्योगों को लाना शामिल है।’
केरल के पोन्नाली में रह रहे श्रीधरन ने फोन पर भाषा से कहा कि ‘कर्ज के जाल में फंसे’ राज्य की वित्तीय दशा सुधारने के लिए वित्त आयोग का भी गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘आज राज्य कर्ज के जाल में फंसा है। बहुत सारा उधार है। हर मलयाली पर आज 1.2 लाख रुपये का कर्ज है। इसका मतलब है कि हम दिवालिया होने की तरफ बढ़ रहे हैं और सरकार अब भी उधार ले रही है। राज्य की वित्तीय हालत सुधारने की जरूरत है और हम इसका समाधान निकालेंगे।’

1339 views