पिंपरी चिंचवाड़ की मेयर ने बिना मास्क पहने किया रैम्प वॉक, 200 से ज्यादा लोगों ने उड़ाई सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां; आयोजक पर केस दर्ज
पुणे. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आदेश के बावजूद पिंपरी चिंचवाड़ में न सिर्फ एक फैशन शो का आयोजन हुआ, बल्कि यहां की मेयर उषा माई ढोरें इसमें शामिल भी हुईं। खास यह है कि माई ढोरे ने बिना मास्क के रैम्प पर वॉक भी किया। शो में हुए कल्चरल प्रोग्राम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। यह कार्यक्रम स्थानीय भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ देर पहले कार्यक्रम के आयोजक यानी मेयर के बेटे जवाहर मनोहर ढोरे के खिलाफ IPC की धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले एनसीपी के सांसद अमोल कोल्हे ने भी मेयर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी।
200 से ज्यादा लोग फैशन शो में हुए थे शामिल
इस फैशन शो का आयोजन पिंपरी चिंचवाड़ के प्रोफेसर रामकृष्ण मोरे ऑडिटोरियम में सोमवार को किया गया था। इस शो में 200 से ज्यादा लोग शामिल थे और ज्यादातर लोगों ने कोई मास्क नहीं लगाया था। फैशन शो के दौरान एक डांस कार्यक्रम भी हुआ, इसमें भी किसी ने मास्क नहीं लगाया था।
NCP ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग
इस आयोजन पर NCP सांसद अमोल कोल्हे ने कहा- महाराष्ट्र के सीएम और डिप्टी सीएम द्वारा अपील के बाद, कई राजनीतिक नेताओं ने अपने कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। दो दिन पहले, डिप्टी सीएम अजीत पवार ने शीर्ष अधिकारियों की एक बैठक की, जहां पर प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करवाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन पिंपरी-चिंचवड महापौर ने इन प्रतिबंधों को नजरअंदाज कर दिया और एक फैशन शो में भाग लिया। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसलिए उनपर कार्रवाई होनी चाहिए।






