5वीं की कक्षाएं 1 मार्च से स्कूलों में लगेंगी
राजधानी हरियाणा.प्रदेश में तीसरी से 5वीं तक के बच्चों की कक्षाएं 1 मार्च से स्कूलों में लगाई जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सरकार के पास दूसरी बार प्रपोजल भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के अनुसार, अब 22 फरवरी को चंडीगढ़ में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें स्कूल खोलने के लिए गाइडलाइंस को लेकर फैसला लिया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि तीसरी से 5वीं तक के लिए स्कूलों को करीब एक माह के लिए खोलने की योजना है। तीसरी से 5वीं तक के करीब 12 लाख विद्यार्थी हैं। अब इनकी पढ़ाई स्कूलों में हो सकेगी। साथ ही परीक्षाएं भी स्कूलों में ही ली जा सकेंगी।
हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने प्राइमरी की कक्षाएं स्कूलों में शुरू करने की मांग उठाई थी। प्रदेश के सरकारी व निजी स्कूलों में करीब 52 लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। छठी से 12वीं तक की कक्षाओं के करीब 72% बच्चे स्कूल जाने लगे हैं।






