मध्यप्रदेश: सतना जिले में ठंड ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, पारा 5.4 डिग्री

मध्यप्रदेश: सतना जिले में ठंड ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, पारा 5.4 डिग्री

सतना

जिले में लगातार ठंड कहर बरपा रही है। हिमालय की ओर से आ रही उत्तरी हवाओं के झोंकों से हर आम नागरिक कराह उठा है। सतना में पारा लगातार नीचे गिर रहा है। रात में यह स्थिति हो रही है कि लोग घरों के बाहर नहीं निकल रहे हैं। शाम होते ही लोग घरों में दरवाजे बंद कर दुबक रहे हैं। जिले में ठंड के सारे रिकार्ड टूटते दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक मौसम विभाग ने जो तापमान दर्ज किया उसने बीते 15 साल में पड़ने वाली ठंड का रिकार्ड तोड़ दिया। इतनी ठंड दिसंबर माह में बीते 15 साल पहले दिसंबर 2005 में पड़ी थी तब न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पर गया था लेकिन शनिवार का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री पहुंच गया। जिससे आस-पास खेतों में ओस की बूंदें तक जम गईं।

जिले में पड़ रही गलन वाली ठंड से सभी लोग बेताब नजर आ रहे हैं।

ऐसा रहा जिले का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही आने वाले दिनों में इसी तरह की ठंड बने रहने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाते हुए लोगों को ठंड से बचने सलाह दी है। इसके साथ ही किसानों को भी सब्जियों और फसलों में पाला पड़ने की चेतावनी दी गई है। किसानों से कहा गया है कि रात के समय खेतों में फसलों के आस-पास धुंआ करें ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे।

1205 views