शहरों के नाम बदलने पर हार्दिक का तंज- 125 करोड़ लोगों का नाम रख दो ‘राम’*

*शहरों के नाम बदलने पर हार्दिक का तंज- 125 करोड़ लोगों का नाम रख दो ‘राम’*

नई दिल्ली।कई राज्यों में शहरों और जिलों का नाम बदलने का सिलसिला जारी है। ऐसे में बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्हें इससे ऐतराज है। वह सरकार के फैसले का लगातार विरोध कर रहे हैं। केवल इतना ही नहीं सरकार के फैसले के खिलाफ अदालतों के दरवाजे भी खटखटाए गए हैं। इसी क्रम में नाम बदलने की सियासत में हार्दिक पटेल भी कूद गए हैं। उनका कहना है कि 125 करोड़ लोगों का नाम राम कर देना चाहिए। 

हार्दिक पटेल ने कहा, ‘अगर इस देश में सिर्फ शहरों के नाम बदलने से देश को सोने की चिड़ियां बना सकते तो मैं मानता हूं कि 125 करोड़ हिंदुस्तानियों का नाम राम रख देना चाहिए। इस देश में बेरोजगारी, किसानों का प्रश्न बड़ा है और यह नाम और मूर्तियों के चक्कर में पड़े हुए हैं।’ हार्दिक कई मौकों पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन करते हुए नजर आए हैं लेकिन वह भी राज्य का नाम बदलने की कोशिश में है लेकिन केंद्र सरकार इसमें उनका रोड़ा बन सकती है। 

पाटीदार आंदोलन के मुखिया हार्दिक इससे पहले यह कहकर सुर्खियों में आए थे कि भाजपा नेता उनसे मिलने के लिए आए थे। उन्होंने कहा था कि मैं नाम नहीं बताना चाहता लेकिन भाजपा के नेता मुझसे मिलने के लिए आए थे। भाजपा के नेताओं ने ही मुझे बताया कि कैसे भाजपा के विधायकों और मंत्रियों ने राज्य में गोरखधंधा चलाया हुआ है। किस तरह से बजरी, टोल, खनन जैसे ठेकों में नेताओं की बंदरबांट है।

नाम बदलने का यह दौर देश की सियासत का हिस्सा बन गया है। उत्तर प्रदेश में मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रख दिया गया है। वहीं इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया गया है। इसके अलावा फैजाबाद का नाम अयोध्या करने को यूपी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी अहमदाबाद का नाम बदलकर उसे कर्णावती करने पर विचार कर रहे हैं। वहीं हाल ही में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य का नाम बदलकर उसे बांग्ला करने के प्रस्ताव को पेश किया था। जिसे विधानसभा ने मंजूर कर लिया है।
 

2472 views