सरकार के फैसलों का एक माह तक प्रचार करेगी कांग्रेस
भोपाल। मुख्यमंत्री कमल नाथ की अगुवाई में मध्यप्रदेश में सरकार बने हुए ग्यारह महीने पूरे हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी सरकार के कामकाज और जनहित में लिए गए फैसलों की जानकारी जनता को देगी। इसके लिए एक महीने का विशेष अभियान आज मुख्यमंत्री कमल नाथ के जन्म दिन से शुरु कर दिया गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने इस संबंध में जिला अध्यक्षों को पत्र लिखकर निर्देश दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री कमल नाथ का आज 18 नवंबर को जन्म दिन है। उन्होंने 17 दिसंबर 2018 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। लिहाजा कांग्रेस पार्टी ने 18 नवंबर से 17 दिसंबर तक यानी एक महीने का प्रचार-प्रसार का पूरा कार्यक्रम तैयार किया है। यह अभियान राजधानी भोपाल से लेकर संभाग, जिला, ब्लाक तक एक साथ चलाया जाएगा। मकसद नाथ के जनहितैषी फैसलों की आम जनता तक पहुंचाना है। शेखर ने प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों, जिला और शहर अध्यक्षों से कहा है कि इसके लिए जिलों में पत्रकारवार्ता आयोजित करें और लोगों को जानकारी दें। यह कार्यक्रम शेखर के साथ संगठन के प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह और प्रकाश जैन के संयोजन में संचालित किया जाएगा। कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अभय दुबे को प्रभारी समन्वयक बनाया गया है।दुबे ने अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ पत्रकारवार्ताओं की योजना तैयार की है।कांग्रेस का दावा है कि वचन पत्र में शामिल तकरीबन 100 मुद्दों को पूरा किया जा चुका है। प्रदेश के नागरिकों, किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, मध्यम वर्ग एवं अन्य सभी वर्गों के लोगों एवं समाज के पिछड़े वर्ग के कल्याण के अनेक वचन पूरे किए हैं।
1063 views





