जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी, हादसों में दो जवानों समेत 6 की मौत; श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर में बुधवार से हो रही भारी बर्फबारी का असर आम जन-जीवन पर पड़ा है। बर्फबारी के दौरान हुए हादसों में सेना के दो जवानों समेत 6 लोगों की मौत हो गई। श्रीनगर एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी के चलते सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। श्रीनगर-जम्मू हाईवे बंद हो गया है।
श्रीनगर का संपर्क टूटा
पीर पंजाल में राजौरी स्थित मुगल रोड पूरी तरह बंद हो गई। यातायात विभाग के अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर को दूर-दराज इलाकों जैसे गुरेज, माछिल, केरन और तंगधार को जोड़ने वाली सड़कें पूरी तरह बंद हो गईं। हाईवे पर करीब 2000 वाहन फंसे हुए हैं।
गुलमर्ग, सोनमर्ग में बर्फबारी; श्रीनगर-लेह हाईवे बंद
जम्मू-कश्मीर में जोजिला, मुगल रोड, गुलमर्ग और सोनमर्ग में बुधवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में तापमान माइनस 0.5 डिग्री, लेह में माइनस 4.7, करगिल में माइनस 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। बर्फबारी के कारण 434 किमी लंबे श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे और 86 किमी के मुगल रोड को बंद करना पड़ा है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मशीनों के साथ बर्फ को हटाने में जुटी है। जम्मू-कश्मीर मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। तूफान महा का भी असर बना हुआ है। इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 3 दिन मध्यम से भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं, बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के राज्यों में ठंड शुरू हो गई। शीत लहर भी जल्द शुरू हो सकती है।
अगले 24 घंटे बर्फबारी का अलर्ट
श्रीनगर एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और लो विजिबिलिटी के चलते सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अगले 24 घंटे तक भी इन हालात में बदलाव के आसार नहीं हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार सुबह रनवे को साफ करने के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन बर्फबारी की वजह से यह पूरा नहीं हो पाया। एक अधिकारी ने कहा कि जब तक बर्फबारी बंद नहीं होती और विजिबिलिटी में सुधार नहीं होता, तब तक उड़ानें शुरू नहीं हो पाएंगी।






