राष्ट्रपति भवन में इन दो बड़े अखबारों पर लगी रोक*

*राष्ट्रपति भवन में इन दो बड़े अखबारों पर लगी रोक*

यह वाकई में बड़ी दिलचस्प बात है कि किसी भी देश का राष्ट्रपति भवन देश के दो सबसे बड़े अखबारों पर बैन लगा दे कि यह अखबार अब नहीं मंगाए जाएंगे और उसके पीछे अजीब सा तर्क भी दे, जो लोगों के गले भी नहीं उतरे। तर्क दिया गया है कि खर्चों में कटौती के चलते इन दो अखबारों पर बैन लगाया जा रहा है जबकि बाकी अखबार जो आते हैं, वो आते रहेंगे। यह राष्ट्रपति भवन है अमेरिका का व्हाइट हाउस और बैन लगाने वाले हैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

ट्रंप ने करीब एक हफ्ते पहले ही इसका इशारा कर दिया था। दरअसल, सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘न्यूयॉर्क टाइम्स एक फेक अखबार है कि फेक खबरें देता है। इसके साथ-साथ हम वाशिंगटन पोस्ट को भी राष्ट्रपति भवन में सबस्क्राइब करना बंद कर देंगे।‘ आमतौर पर डोनाल्ड ट्रंप के बारे में यह कहा जाता है कि जब से उनके राष्ट्रपति चुनावों में रूस के दखल की खबर आई थी, तब से ही वह मीडिया को लेकर काफी आलोचक हो गए थे और अक्सर उन्होंने अमेरिकी मीडिया पर काफी तल्ख बयान दिए हैं। यहां तक कि कभी-कभी बाकी देशों की मीडिया पर भी वह बयान देते नजर आए हैं।

अब अमेरिकी सरकार ने व्हाइट हाउस में न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉशिंगटन पोस्ट पर बैन लगा दिया है। दोनों का सबस्क्रिप्शन रद्द कर दिया गया है। इन दोनों अखबारों के अलावा बाकी अखबार आते रहेंगे। आधिकारिक रूप से यह ऐलान बाकायदा व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी स्टेफनी ग्रिशमी ने किया है। इस बयान में कहा गया है कि खर्चों में कटौती रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है, जो कि वाकई में दिलचस्प है।

इस बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स के सीओओ ने अपना रिएक्शन भी दिया है। उनका कहना है, ‘हमें नहीं लगता कि वह हमारे वफादार पाठक रहे होंगे।’ हालांकि व्हाइट हाउस में अखबारों पर बैन की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले जॉन एफ कैनेडी ने भी कुछ अखबारों को बंद कर दिया था, लेकिन ट्रंप ने केवल व्हाइट हाउस में ही इन अखबारों को बंद नहीं किया है, बल्कि संघ एजेंसियों को भी निर्देश दिया है कि वह इन‌ दो अखबारों को मंगाना बंद कर दें।

1427 views