भारतीयों के पास 70 लाख करोड़ का सोना, ये देश के 2 साल के बजट से भी ज्यादा

भारतीयों के पास 70 लाख करोड़ का सोना, ये देश के 2 साल के बजट से भी ज्यादा
नई दिल्ली. धनतेरस और दिवाली का त्योहार आते ही देश में सोने की मांग बढ़ जाती है। देश में सोने की जितनी सालाना मांग रहती है, वह वैश्विक मांग की एक चौथाई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के प्रबंध निदेशक सोमसुंदरम पीआर ने बताया कि भारतीय घरों और मंदिरों में 24000 से 25000 टन सोना मौजूद है, जिसकी कीमत 1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 70 लाख करोड़ रुपए) है। उनके मुताबिक, दुनियाभर में मौजूद कुल गोल्ड स्टॉक का 15% सिर्फ भारतीय घरों और मंदिरों में है। अमेरिका के केंद्रीय बैंक में 8,133.5 टन सोना है। भारतीयों के पास इससे करीब 3 गुना ज्यादा सोना है।
देश में सोने का उत्पादन 0.5% से भी कम, लेकिन मांग 25% से भी ज्यादा
चीन के बाद भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा बाजार है। हालांकि, हमारे यहां सोने का उत्पादन 0.5% से भी कम होता है। लेकिन, डिमांड कुल वैश्विक मांग की 25% से भी ज्यादा है। सोमसुंदरम के मुताबिक पिछले 10 साल का ट्रेंड बताता है कि भारत में सालाना 800 से 900 टन सोने की मांग रहती है।
सोमसुंदरम ने बताया कि आने वाले 5 से 10 साल में भारत में सोने की मांग और बढ़ेगी, क्योंकि अब भारत की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय तेजी से बढ़ रही है। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर आने में मदद मिल रही है। इस वजह से आने वाले समय में भारत में ज्यादातर लोग गरीबी रेखा से उठकर मध्यम वर्ग में आ जाएंगे और यही लोग भविष्य में सोने की मांग बढ़ाएंगे।
घरों-मंदिरों में जितना सोना, वह 2 साल के बजट के बराबर
भारतीय घरों और मंदिरों में जितनी कीमत का सोना मौजूद है, वह देश के 2 साल के बजट से भी ज्यादा है। 2019-10 का बजट का 27,86,349 करोड़ रुपए है। टॉप-100 अमीर भारतीयों के पास 32.19 लाख करोड़ रुपए हैं। देश के लोगों के पास 70 लाख करोड़ रुपए का सोना है।
भारत में सोने की इतनी मांग क्यों?
एक जमाने में भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था, क्योंकि यहां सबसे ज्यादा सोना हुआ करता था। आज भी कई देशों की जीडीपी के बराबर सोना भारतीय घरों और मंदिरों में रखा हुआ है। लेकिन, हमारे देश में सोने की इतनी ज्यादा मांग का कारण क्या है? इस बारे में सोमसुंदरम बताते हैं कि सोना ही एकमात्र ऐसी संपत्ति है, जो आमतौर पर घर की महिला के पास ही रहती है और इससे महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता मिलती है।
भारत में ऐतिहासिक रूप से सोने की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश में सोने की ज्यादा मांग होने के यह कारण भी हैं कि सोने को सुरक्षित घरेलू बचत के तौर पर रखा जाता है, जिससे महंगाई से निपटने में मदद मिलती है।
जरूरत पड़ने पर सोने के बदले लोन भी लिया जा सकता है। सोना रखकर कृषि या गैर-कृषि ऋण आसानी से मिल जाता है। इन सबके अलावा घर में सोना रखने से सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा भी बनी रहती है।
भारत में सोने की मांग बढ़ने के कारण
1) शादी : भारत में सोने की 50% से ज्यादा मांग शादियों पर निर्भर है। देश में 25 साल से कम उम्र की 45% से ज्यादा आबादी रहती है और सालाना औसतन 1 करोड़ शादियां होती हैं। अगर औसत निकालें तो एक दुल्हन के लिए 200 ग्राम तक की ज्वेलरी खरीदी जाती है।
2) सेविंग्स रेट (बचत दर) : आईएमएफ को भारत में 2020 तक बचत दर 30% रहने की उम्मीद है। इसके बाद काम करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना भी है। संपत्ति के तौर पर भारतीयों के बीच बैंक डिपॉजिट के बाद सोना दूसरी पसंद है।
3) आर्थिक विकास : भारत में 25 करोड़ से ज्यादा लोग बचत करते हैं और उनकी बचत सोने से शुरू होती है। इसलिए आर्थिक विकास और लोगों की समृद्धि बढ़ने पर सोने की मांग बढ़ सकती है, जिससे आयात भी बढ़ेगा।
4) आय : प्रति व्यक्ति आय 1% बढ़ती है तो सोने की मांग भी 1% तक बढ़ जाती है। इसके अलावा शहरीकरण भी तेजी से हो रहा है, जिससे लोगों की आय बढ़ रही है।
5) सोने की कीमत : अगर सोने की कीमत 1% बढ़ती है, तो इसकी मांग 0.5% तक गिर जाती है। इसी तरह से सोने की कीमत 1% कम होती है तो मांग में 0.9% तक का इजाफा होता है। हालांकि, 2005 से 2015 के बीच 10 गुना कीमतें बढ़ने के बाद भी भारत में सोने की मांग 14% की सालाना दर से बढ़ी।
6) महंगाई : अगर महंगाई 1% बढ़ती है तो सोने की मांग में 2.6% इजाफा हो जाता है। दुनियाभर के निवेशक महंगाई से निपटने के लिए सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने में पैसा लगाते हैं। ताकि, कम जोखिम में अच्छा रिटर्न मिल सके।
7) मानसून : सामान्य से 1% ज्यादा बारिश होने पर सोने की मांग 0.5% बढ़ जाती है। क्योंकि, मानसून कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। अच्छे मानसून से पैदावार बढ़ती है तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी आती है। इससे सोने की मांग बढ़ती है।

1369 views