बंगाल चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले—अब देश बचाने की लड़ाई*
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हुई कथित धांधली और बेईमानी को देखकर अब केवल चुनाव प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि देश को बचाने की जरूरत महसूस हो रही है। शुक्रवार को जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि देश गलत हाथों में चला गया है, जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता और सामाजिक सौहार्द के विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी देश की एकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि देश की एकता को कमजोर करने वाले लोग आखिर किसके एजेंट हैं और स्वदेशी की बात करने वाले विदेशों से पैसा क्यों लेते हैं।






