*आईटीसी ने दुनिया की सबसे महंगी चॉकलेट लॉन्च की, कीमत 4.3 लाख रुपए प्रति किलो*
नई दिल्ली. आईटीसी ने दुनिया की सबसे महंगी चॉकलेट मंगलवार को लॉन्च की। इसकी कीमत 4.3 लाख रुपए प्रति किलो है। कंपनी ने अपने लग्जरी ब्रांड फैबेल की रेंज में ‘ट्रिनिटी ट्रफल्स एक्ट्राऑर्डिनेएर’ नाम से ये चॉकलेट पेश की। दुनिया की सबसे महंगी चॉकलेट के तौर पर इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गया।
15 ग्राम की एक कैंडी की कीमत 6667 रुपए
आईटीसी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (फूड डिविजन) अनुज रुस्तगी ने बताया कि ट्रिनिटी ट्रफल्स एक्ट्राऑर्डिनेएर का 15 ट्रफल्स (कैंडी) का बॉक्स 1 लाख रुपए में मिलेगा। यानी एक कैंडी की कीमत करीब 6667 रुपए होगी। हर कैंडी का वजन 15 ग्राम होगा। ये हाथ से बने लकड़ी के बॉक्स में मिलेंगी।
रुस्तगी ने कहा कि लग्जरी चॉकलेट मार्केट में हमने देश में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में बेंचमार्क स्थापित किया है, क्योंकि हमारी चॉकलेट गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हुई है। ट्रिनिटी ट्रफल्स एक्ट्राऑर्डिनेएर को फ्रांस के नामी शेफ फिलिप कॉन्टिसिनी और फैबेल के मास्टर चॉकलेटियर ने मिलकर तैयार किया।






